DM ने समीक्षा बैठक में सभी कार्यालय प्रधानों को स्वच्छता, सुरक्षा के दिए कड़े निर्देश, 9 अगस्त को चलेगा विशेष स्वच्छता अभियान
DM की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित सभाकक्ष में सभी विभाग के पदाधिकारियों के साथ शनिवार की शाम 4:00 बजे तक एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक संपन्न हुई। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य जिले के सभी सरकारी कार्यालयों एवं शाखाओं का सुव्यवस्थित संचालन, स्वच्छ, सुरक्षित कार्य, अभिलेखों का वैज्ञानिक संरक्षण एवं डिजिटलीकरण, तथा बायोमेट्रिक उपस्थिति के माध्यम से अनुशासन सुनिश्चित करना था।
इस बैठक मेंDM नवीन ने कहा कि "जिस पद पर आप आसीन हैं, वही समाज में आपकी वास्तविक पहचान है और यह कार्यालय आपके दूसरे घर के समान है, क्योंकि आपके दैनिक जीवन का एक बहुत बड़ा और अमूल्य हिस्सा इसी परिसर में व्यतीत होता है।" उन्होंने इस बात पर विशेष बल दिया कि किसी भी कार्यालय की गरिमा और उसकी प्रशासनिक प्रतिष्ठा केवल वहां निष्पादित होने वाली फाइलों से ही नहीं, बल्कि वहां की स्वच्छता, सौंदर्य और सुव्यवस्थित वातावरण से भी मापी जाती है। एक स्वच्छ और व्यवस्थित वातावरण में काम करने से न केवल अधिकारियों व कर्मचारियों की कार्यक्षमता एवं ऊर्जा में वृद्धि होती है, बल्कि अपने कार्यों के लिए आने वाले आम नागरिकों के मन में भी शासन तथा प्रशासन के प्रति सम्मान और विश्वास की भावना सुदृढ़ होती है।"
इस महत्वपूर्ण बैठक में जिला पदाधिकारी ने स्वच्छता एवं सौंदर्यीकरण पर बल देते हुए कार्यालय परिसर, पेयजल स्रोतों तथा शौचालयों की नियमित सफाई कर उसकी तिथि अंकित करने और महिला कर्मियों के लिए पृथक स्वच्छ शौचालय की व्यवस्था अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही जर्जर दीवारों की मरम्मत व रंग-रोगन कराने, छतों की साप्ताहिक सफाई करने, मुख्य द्वार पर नया नेम बोर्ड लगाने तथा कर्मियों की टेबल पर नामपट्ट व कार्य सूची प्रदर्शित करने को कहा गया।
प्रशासनिक अनुशासन एवं आधुनिकीकरण के तहत शत-प्रतिशत बायोमेट्रिक उपस्थिति प्रणाली लागू करने, सुरक्षा हेतु सीसीटीवी कैमरे स्थापित कर कार्यालय प्रधान द्वारा बड़े मॉनिटर से सतत निगरानी रखने और कर्मचारियों को आवश्यकतानुसार कंप्यूटर व अन्य उपकरण उपलब्ध कराने के आदेश दिए गए। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि इन निर्देशों का औचक निरीक्षण किया जाएगा और किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारी या कर्मी के विरुद्ध कठोर विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
आगे उन्होंने कहा कि 09 अगस्त को सभी कार्यालय प्रधान अपने-अपने कार्यालयों में अधीनस्थ अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ स्वयं उपस्थित रहकर विशेष सफाई अभियान चलाएंगे। इस सामूहिक स्वच्छता अभियान का मुख्य उद्देश्य कर्मचारियों के भीतर स्वच्छता के प्रति आत्म-बोध व नैतिक दायित्व की भावना जागृत करना है, ताकि उन्हें परिसर को सुंदर और स्वच्छ बनाए रखने में अपनी सक्रिय भूमिका का अहसास हो सके। #jamuitopnews #dmjamui #zilaprashasanjamui #viralphoto #viralphotochallenge
Jamui, Jamui | Aug 8, 2026