*विधायक आशीष शर्मा ने ललीन में अग्निकांड प्रभावित परिवारों का जाना हाल, फौरी राहत दी*
*पंचायत में आयोजित निशुल्क स्वास्थ्य शिविर का भी किया शुभारंभ*
हमीरपुर, 28 नवंबर
विधानसभा क्षेत्र हमीरपुर के विधायक आशीष शर्मा ने शनिवार को ग्राम पंचायत ललीन के गांव ललीन का दौरा कर अग्निकांड से प्रभावित तीन परिवारों से मुलाकात की और जले हुए मकानों का जायजा लिया। इस दौरान विधायक ने पीड़ित परिवारों को ढांढस बंधाते हुए अपनी ओर से फौरी राहत राशि प्रदान की। साथ ही, उन्होंने मौके से ही संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों को प्रभावित परिवारों को जल्द से जल्द उचित सरकारी सहायता और मुआवजा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। विधायक आशीष शर्मा ने कहा कि वे इस कठिन समय में तीनों पीड़ित परिवारों के साथ मजबूती से खड़े हैं और उनके पुनर्वास के लिए हर संभव मदद की जाएगी।
तत्पश्चात, विधायक आशीष शर्मा ने ललीन पंचायत घर में स्थानीय पंचायत और रेडियंस मल्टीस्पेशलिटी अस्पताल के सौजन्य से आयोजित निशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर में भी शिरकत की। इस शिविर में क्षेत्र के लगभग 71 लोगों ने विशेषज्ञ चिकित्सकों से बीपी, शुगर, स्त्रीरोग सहित अन्य बीमारियों की जांच करवाई और निशुल्क परामर्श का लाभ उठाया। विधायक ने ग्रामीण क्षेत्रों में इस तरह के जनहितैषी स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने के लिए स्थानीय पंचायत और अस्पताल प्रबंधन को बधाई एवं साधुवाद दिया।
इस अवसर पर पंचायत उपप्रधान रोहित शर्मा गोल्डी, बूथ अध्यक्ष प्रेम चंद, स्थानीय प्रबुद्धजन रामलाल, सोनी, सुलेखा सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति और ग्रामीण उपस्थित रहे।
----