विकास कार्यों के साथ-साथ बच्चों में अच्छे संस्कार भरना जरूरी: सांसद धर्मबीर सिंह
- सेवा संकल्प अभियान के तहत सांसद चौ. धर्मबीर सिंह ने कैरू और बागनवाला में ग्रामीणों से किया जनसंवाद, ग्रामीणों को दिया स्वच्छता का संदेश
तोशाम/ कैरू, 28 सितंबर। गांव कैरू स्थित सामुदायिक भवन और गांव बागनवाला में सेवा संकल्प अभियान के तहत जनसंवाद एवं स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन हुआ। सांसद चौ. धर्मबीर सिंह ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने ग्रामीणों से विकास कार्यों के साथ-साथ समाज में समरसता बढ़ाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आसपास परिवेश के साथ-साथ आंतरिक स्वच्छता भी जरूरी है। वहीं दूसरी ओर कार्यक्रमों मेंं कैरू खंड और तोशाम खंड के सभी गांवों से पंचायत प्रतिनिधि ट्रैक्टर-ट्रालियों के साथ कार्यक्रम में पहुंचे। सांसद ने पंचायत प्रतिनिधियों से आह्वान किया कि वे स्वच्छता के लिए दिए गए ट्रैक्टर-ट्रालियो को गांव में सफाई कार्य में जरूर प्रयोग करें।
ग्रामीणों को संबोधित करते हुए सांसद चौ. धर्मबीर सिंह ने कहा कि किसी देश, प्रदेश व समाज की तरक्की के लिए विकास कार्यों के साथ-साथ बच्चों में संस्कार भी जरूरी है। हमें अपने बच्चों में नैतिकता का पाठ पढ़ाना जरूरी है। उन्होंने कहा कि युवाओं को किसी भी प्रकार के नशे से से दूर रखना होगा, यह जिम्मेवारी प्रत्येक ग्रामीण की है। उन्होंने कहा कि हमें अपने आसपास परिवेश में नजर रखनी चाहिए। यदि कहीं भी किसी प्रकार की गैर सामाजिक गतिविधि होती है तो उसकी सूचना पुलिस या जिला प्रशासन को दें।
इसी प्रकार से सांसद ने कहा कि बच्चों को मोबाइल की लत लग रही है, बच्चों के हाथ में मोबाइल होता है, लेकिन माता-पिता को यह मालूम होना चाहिए बच्चा मोबाइल पर क्या देख रहा है। इसके लिए भी बच्चों को समझाना चाहिए कि वे मोबाईल का सही प्रयोग करें। उन्होंने ग्रामीणों से आह्वान किया कि वे पहले के समय अनुसार अपने बच्चों के साथ कुछ समय जरूर व्यतीत करें ताकि बच्चों की परेशानी का पता चल सके।
सांसद ने कहा कि ग्रामीण अपने बच्चों का सही मार्गदर्शन कर उन्हें शिक्षा और संस्कारों के प्रति प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि बच्चों को शिक्षा के साथ-साथ अच्छे संस्कार और अनुशासन का महत्व समझाना जरूरी है, ताकि वे आगे चलकर समाज और देश के विकास में अपना योगदान दे सकें।
इस दौरान बीडीपीओ अमित कुमार, बीईओ महेन्द्र गिल, एएफएसओ नरेन्द्र कुमार, महेन्द्र कुमार, कैरू सरपंच सुंदरपाल, सुभाष, पूर्व सरपंच राजबीर लेघा, जुई के पूर्व सरपंच रमेश, रोशन शर्मा सहित गणमान्य नागरिक मौजूद थे।
बॉक्स
वहीं दूसरी ओर सांसद धर्मबीर सिंह ने गांव बागनवाला में आयोजित कार्यक्रम के दौरान गांव में 20 लाख रुपये की लागत से बने ग्राम सचिवालय का उद्घाटन किया। सांसद धर्मवीर सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा वर्ष 2014 में शुरू किए गए स्वच्छता अभियान का भी उल्लेख करते हुए कहा कि इस अभियान से देशभर में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ी है। आज गांवों में भी स्वच्छता को लेकर विभिन्न स्तरों पर कार्य किए जा रहे हैं। स्वच्छ वातावरण स्वस्थ समाज की आधारशिला है, इसलिए प्रत्येक नागरिक को अपने गांव और आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ रखने में सक्रिय भागीदारी निभानी चाहिए।
इस अवसर पर एसडीएम संदीप कुमार, बीडीपीओ सुमित कुमार, एसडीओ देवेंद्र सिंह, धर्म सेना के जिलाध्यक्ष मास्टर अश्वनी कुमार, धर्मसेना के जिला महामंत्री सुनील सुरा व जयप्रकाश बराला, पारस मिरान, मंडल अध्यक्ष विक्की महता, पंकज कौशिक, सतीश सांगवान, वीरेंद्र सरपंच बागनवाला, राजेश सरपंच तोशाम, रामफल टाला, रोशन यादव, बलवान मिरान, रणबीर सरपंच ढाणी माहू, राजेश सुरा सरल, राजेंद्र सरपंच आलमपुर, गजेंद्र सरपंच छपार, अनिल खडक़ड़ी, अमित लाला, रामफल सरपंच डाडम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी व गण मान्य नागरिक उपस्थित रहें।