एक पेड़ माँ के नाम अभियान से ग्रामीण क्षेत्र में फैला हरियाली का संदेश
गुमो, सतपुलिया स्थित ग्रिज़ली पब्लिक स्कूल द्वारा पर्यावरण संरक्षण एवं मातृ सम्मान की भावना को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 10 अगस्त से 31 अगस्त तक ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान चलाया गया। अभियान के अंतर्गत विद्यार्थियों ने इको क्लब सदस्यों एवं शिक्षकों के मार्गदर्शन में इन्दरवाटंड गाँव में पौधरोपण एवं पौधा वितरण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
अभियान के दौरान गाँव के बीच फलदार पौधे—आम, नींबू, अमरूद एवं चीकू के 85 पेड़ वितरित किए गए। विद्यार्थियों ने गाँव के लोगो को पौधों की नियमित देखभाल एवं संरक्षण के लिए प्रेरित किया। इस पहल का उद्देश्य केवल पौधे लगाना नहीं, बल्कि ग्रामीण समुदाय को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ना और भविष्य में हरित एवं स्वस्थ वातावरण के निर्माण में योगदान देना रहा।
विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती निर्जा ने कहा कि ‘एक पेड़ माँ के नाम’अभियान मातृ सम्मान और पर्यावरण संरक्षण को जोड़ने वाली प्रेरणादायी पहल है। उन्होंने विद्यार्थियों को तथा अन्य लोगों को भी पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रेरित करने का संदेश दिया।
कार्यक्रम के सफल समन्वयन में सीसीए समन्वयक श्रीमती दलजीत कौर एवं इको क्लब सदस्य श्री काशीनाथ की महत्वपूर्ण भूमिका रही। विद्यार्थियों की सक्रिय सहभागिता से अभियान ने ग्रामीण समुदाय में हरियाली, प्रकृति प्रेम एवं सामाजिक जिम्मेदारी का सकारात्मक संदेश पहुँचाया।