पानीपत पुलिस
21 अगस्त 2026
*मारपीट व चाकू से जानलेवा हमला करने के दो आरोपी गिरफ्तार*
पानीपत, 21 अगस्त ( ) सीआईए टू पुलिस टीम ने काबड़ी रोड अर्जुन नगर में मारपीट कर महिला व पुरुषों पर चाकू से जानलेवा हमला करने के दो आरोपियों को वीरवार शाम को काबड़ी रोड से गिरफ्तार किया। आरोपियों की पहचान अर्जुन नगर निवासी शुभम उर्फ चांद और सुमित के रूप में हुई है।
सीआईए टू प्रभारी सब इंस्पेक्टर अनिल पवार ने बताया कि थाना पुराना औद्योगिक में काबड़ी रोड अर्जुन नगर निवासी राहुल पुत्र मेनपाल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि 11 अगस्त को उसके ताऊ का लड़का दीपक हरिद्वार से कांवड़ लेकर आया था और अर्जुन नगर स्थित मंदिर में जल चढ़ाने गया था। मंदिर में मौजूद लोगों ने उसे बताया कि अभी कांवड़ियों का जल चढ़ना शुरू नहीं हुआ है और कुछ समय बाकी है। जल को एक स्थान पर नहीं रखने के कारण दीपक बाइक पर कॉलोनी में परिक्रमा करने लगा।
कॉलोनी निवासी सूरज, चांद, सुमित और सन्नी ने दीपक को अपनी गली से परिक्रमा करने से मना किया और उसके साथ गाली-गलौज करते हुए झगड़ा किया। दीपक ने घर पहुंचकर यह बात अपने भाई अतुल, सूरज पुत्र धर्मपाल और उसको बताई। इसके बाद वे तीनों उनसे बातचीत करने गए तो आरोपियों ने उनके साथ भी गाली-गलौज कर झगड़ा शुरू कर दिया।
आरोपी चांद ने हाथ में लिए तेजधार हथियार से सूरज की गर्दन व कमर पर तथा अतुल की गर्दन के पीछे वार कर दिए। एक आरोपी ने उसके साथ थप्पड़-मुक्कों से मारपीट की और छाती व कान पर दांत से काट लिया। झगड़े का शोर सुनकर सूरज के पिता धर्मपाल, बबली और सोनू बीच-बचाव करने आए तो आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट शुरू कर दी। आरोपी चांद ने धर्मपाल की कमर पर तेजधार हथियार से वार कर दिया। बबली के बाएं हाथ पर भी तेजधार हथियार से वार कर दिया।
पड़ोसी शिवम, अजय और राहगीरों ने किसी तरह उन्हें आरोपियों से छुड़वाया। आरोपी चांद ने तेजधार हथियार दिखाकर धमकी दी कि आज तो बच गए, लेकिन आगे मौका मिलने पर जान से मार देंगे। पड़ोसी उन्हें इलाज के लिए मदान अस्पताल लेकर गए, जहां से उन्हें इलाज के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया गया। थाना पुराना औद्योगिक में राहुल की शिकायत पर अभियोग दर्ज कर पुलिस ने मामले की जांच व आरोपियों की धरपकड़ शुरू कर दी थी।
प्रभारी सब इंस्पेक्टर अनिल पवार ने बताया कि मामले की जांच व आरोपियों की धरपकड़ की जिम्मेदारी सीआईए टू पुलिस टीम को सौंपी गई थी। पुलिस टीम ने दो आरोपियों शुभम उर्फ चांद और सुमित को वीरवार शाम को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों नामजद दोनों साथी आरोपियों के साथ मिलकर उक्त वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया।
पुलिस ने शुक्रवार को दोनों आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश किया जहां से उन्हें 3 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया। रिमांड के दौरान पुलिस आरोपियों से गहनता से पूछताछ करने के साथ ही वारदात में प्रयुक्त चाकू बरामद करने और फरार आरोपियों के ठिकानों का पता लगाकर उन्हें काबू करने का प्रयास करेगी।