एम एल ए रंधावा द्वारा धान की आवक के मद्देनज़र मंडियों में प्रबंधों की समीक्षा
खरीद एजेंसियों, आढ़तियों और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ विशेष बैठक
किसानों को मंडियों में किसी भी प्रकार की परेशानी न आने देने के लिए अग्रिम प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश
डेराबस्सी (ब्यूरो चीफ़ राकेश गांधी के साथ कैमरा मैन रोहित गुप्ता की रिपोर्ट), 16 सितंबर:
विधानसभा हलका डेराबस्सी के अंतर्गत आती अनाज मंडियों में आने वाली धान की फसल की खरीद को सुचारू ढंग से संपन्न कराने और किसानों को किसी भी प्रकार की कठिनाई से बचाने के लिए विधायक श्री कुलजीत सिंह रंधावा द्वारा आज खरीद एजेंसियों, मार्केट कमेटियों, आढ़तियों और सब-डिवीजन प्रशासन के अधिकारियों के साथ विशेष बैठक की गई।
बैठक के दौरान विधायक रंधावा ने मार्केट कमेटियों के अधिकारियों को हलके की सभी मंडियों में साफ-सफाई, पीने के पानी, रोशनी, तिरपालों और अन्य आवश्यक सुविधाओं के अग्रिम प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने खरीद एजेंसियों और आढ़तियों को भी मंडी में पहुंचने वाली फसल की समय पर खरीद और उठान सुनिश्चित करने के लिए कहा, ताकि किसानों को बिना किसी अनावश्यक प्रतीक्षा के मंडियों से रवाना किया जा सके।
श्री रंधावा ने कहा कि पिछले साढ़े चार वर्षों के दौरान पंजाब सरकार द्वारा मंडियों में किसानों की सुविधा के लिए उचित प्रबंध किए गए हैं और इस धान के सीजन के दौरान भी किसानों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि हलके के बनूड़ और राजपुरा से लगते क्षेत्रों में सब्जियों की खेती होने के कारण कुछ क्षेत्रों में धान की फसल जल्दी तैयार हो जाती है, जिसके मद्देनज़र मंडियों में तैयारियां समय पर पूरी करना आवश्यक है।
उन्होंने बताया कि किसानों को खराब मौसम से बचाने के लिए मंडियों में अधिक से अधिक शेडों का प्रबंध किया गया है। उन्होंने कहा कि मंडी प्रबंधन से संबंधित सभी विभाग आपसी तालमेल से काम करते हुए यह सुनिश्चित करें कि किसानों को अपनी फसल बेचते समय किसी भी स्तर पर कोई कठिनाई पेश न आए।
विधायक ने बैठक में शामिल किसान विंग के प्रतिनिधियों को भरोसा दिलाया कि पंजाब सरकार मुख्यमंत्री श्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में किसानों की फसल की निर्बाध खरीद के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने किसानों से भी अपील की कि वे मंडियों में केवल सूखी और निर्धारित नमी वाली धान की फसल ही लेकर आएं, ताकि उन्हें फसल सुखाने की प्रतीक्षा में मंडी में न रुकना पड़े और खरीद प्रक्रिया तेजी से पूरी की जा सके।
इस अवसर पर पनग्रेन, मार्कफेड, पनसप, पंजाब वेयरहाउसिंग कॉरपोरेशन, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग, मार्केट कमेटी डेराबस्सी और लालड़ू के अधिकारी, अनाज मंडियों के आढ़ती, किसान विंग के प्रतिनिधि, जिला खाद्य आपूर्ति नियंत्रक वरिंदर कुमार और एस डी एम डेराबस्सी श्री अमित गुप्ता सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
(राकेश गांधी की रिपोर्ट)