"झाबुआ की आकांक्षा" अभियान के तहत फील्ड अधिकारियों को विद्यालय निरीक्षण का प्रशिक्षण
शिक्षा की गुणवत्ता एवं आधारभूत संरचना सुदृढ़ करने के लिए 154 अधिकारियों को दिया गया निरीक्षण ऐप का प्रशिक्षण
जिले के शासकीय विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता एवं आधारभूत संरचना को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन झाबुआ द्वारा संचालित "झाबुआ की आकांक्षा" अभियान के अंतर्गत फील्ड अधिकारियों के लिए विद्यालय निरीक्षण संबंधी प्रशिक्षण आयोजित किया गया। जिला पंचायत सभाकक्ष में आयोजित इस प्रशिक्षण में थांदला, पेटलावद एवं मेघनगर विकासखंडों के विभिन्न विभागों के कुल 154 फील्ड अधिकारियों ने सहभागिता की।
प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों को क्षेत्र भ्रमण के समय इंस्पेक्शन ऐप के प्रभावी उपयोग की विस्तृत जानकारी दी गई। उन्हें ऐप को एक्सेस करने की प्रक्रिया, विद्यालयों का निरीक्षण करने की विधि तथा निरीक्षण के दौरान आवश्यक जानकारी ऑनलाइन दर्ज करने संबंधी सभी तकनीकी पहलुओं से अवगत कराया गया।
प्रशिक्षण का संचालन डिप्टी कलेक्टर श्रीमती रीतिका पाटीदार द्वारा किया गया। उन्होंने अधिकारियों को निरीक्षण प्रक्रिया एवं ऐप की कार्यप्रणाली को सरल, व्यावहारिक एवं चरणबद्ध तरीके से समझाते हुए प्रभावी विद्यालय निरीक्षण के लिए आवश्यक बिंदुओं की जानकारी दी। इस अवसर पर कलेक्टर कार्यालय के तकनीकी अधिकारियों द्वारा भी फील्ड अधिकारियों को आवश्यक तकनीकी मार्गदर्शन एवं सहयोग प्रदान किया गया।
कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट के निर्देशानुसार अधिकारियों को "झाबुआ की आकांक्षा" अभियान के उद्देश्य एवं महत्व से अवगत कराया गया। प्रशिक्षण में बताया गया कि विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, सुदृढ़ आधारभूत सुविधाएँ तथा विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास ही जिले की प्रगति का आधार है। अभियान की सफलता में प्रत्येक फील्ड अधिकारी की सक्रिय एवं जिम्मेदार भागीदारी अत्यंत महत्वपूर्ण है। नियमित एवं प्रभावी निरीक्षण के माध्यम से विद्यालयों की शैक्षणिक गुणवत्ता, आधारभूत व्यवस्थाओं तथा विद्यार्थियों के समग्र विकास में सकारात्मक सुधार सुनिश्चित किया जाएगा।
Jansampark Madhya Pradesh CM Madhya Pradesh Indore Commissioner General Administration Department, MP #Jhabua #JansamparkMP
1 views | Jhabua, Madhya Pradesh | Aug 4, 2026