*हेडलाइन:* बस्ती का चार्ज संभालते ही एक्शन में एसपी ओमवीर सिंह, देर रात किया थानों का औचक निरीक्षण बस्ती जिले का चार्ज मिलते ही पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह एक्शन मोड में आ गए हैं। एसपी ने जिले के थानों की समीक्षा शुरू कर दी है।
इसी क्रम में 9-10 अक्टूबर की देर रात एसपी बस्ती द्वारा थाना वाल्टरगंज और थाना पुरानी बस्ती का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। इस दौरान उन्होंने थानों के परिसर, कार्यालय, अपराध रजिस्टर, हिस्ट्रीशीट रजिस्टर और अन्य अभिलेखों का गहनता से अवलोकन किया।
निरीक्षण के दौरान एसपी ने मौजूद सभी पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों को कड़े निर्देश दिए कि सभी कार्यवाहियों का निर्वहन पूर्ण ईमानदारी और सही तरीके से किया जाए। उन्होंने मिशन शक्ति केंद्र पर तैनात महिला पुलिसकर्मियों को महिला एवं बाल अपराध से जुड़े मामलों को प्राथमिकता और संवेदनशीलता के साथ निस्तारित करने का निर्देश दिया।
एसपी ओमवीर सिंह ने बीट आरक्षियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमणशील रहकर संभ्रांत व्यक्तियों और जनप्रतिनिधियों से संपर्क बनाए रखने तथा जनता की शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण करने के निर्देश दिए।
इसके बाद एसपी ने थाना पुरानी बस्ती क्षेत्र में पैदल गश्त कर आगामी त्योहारों के मद्देनजर आमजन और दुर्गा पूजा पंडाल आयोजकों से संवाद किया और त्योहार को शांतिपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की। इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक बस्ती और क्षेत्राधिकारी सदर भी मौजूद रहे।
संवाददाता हरी ओम प्रकाश
राष्ट्रीय हिंदी दैनिक कौटिल्य का भारत
Basti, Basti | Oct 11, 2026