खाद्य सुरक्षा विभाग की सघन कार्रवाई: डेयरी, मिठाई एवं चांदी वर्क के लिए नमूने
..
न्यू दीक्षित डेयरी से मिश्रित दूध तथा बीकानेर स्वीट्स से चांदी वर्क व मावा बर्फी के नमूने लेकर जांच हेतु भोपाल भेजे जाएंगे
..
कलेक्टर श्री अंशुल गुप्ता के निर्देशन में जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं आमजन के स्वास्थ्य की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा नियमित निरीक्षण एवं सैंपलिंग अभियान लगातार संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में गुरुवार को खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने जिले के विभिन्न प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों के नमूने एकत्रित किए।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने मोहनगिरि माता मंदिर के समीप स्थित न्यू दीक्षित डेयरी का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान डेयरी में उपलब्ध मिक्स दूध (मिश्रित दूध) का नमूना निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार संग्रहित किया गया। निरीक्षण के दौरान डेयरी में स्वच्छता, खाद्य सुरक्षा मानकों तथा खाद्य पदार्थों के रख-रखाव का भी परीक्षण किया गया।
इसके पश्चात शहर की मिठाई दुकानों का निरीक्षण करते हुए खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने मिठाइयों में उपयोग किए जाने वाले चांदी वर्क की गुणवत्ता की जांच की। पीतलमिल चौराहा स्थित बीकानेर स्वीट्स से चांदी वर्क एवं चांदी वर्क लगी हुई मावा बर्फी के नमूने लिए गए। इन नमूनों को विधिवत सीलबंद कर परीक्षण के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजा जा रहा है।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने बताया कि प्रयोगशाला से प्राप्त जांच रिपोर्ट के आधार पर यदि किसी नमूने में खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के प्रावधानों का उल्लंघन पाया जाता है, तो संबंधित प्रतिष्ठान के विरुद्ध नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी।
उपभोक्ताओं को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से जिले में खाद्य प्रतिष्ठानों का नियमित निरीक्षण, नमूना संग्रहण एवं गुणवत्ता परीक्षण की कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी, ताकि मिलावटखोरी पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सके और आमजन के स्वास्थ्य की सुरक्षा सुनिश्चित हो। #Vidisha
64 views | Vidisha, Madhya Pradesh | Jul 2, 2026