कौशल प्रशिक्षण में महिलाओं के लिए बड़ी सौगात : शासकीय आईटीआई में प्रशिक्षण शुल्क में 25% की छूट एवं सभी प्रशिक्षणार्थियों के लिए दो किस्तों में शुल्क जमा करने की सुविधा
..
कौशल विकास एवं रोजगार विभाग, मध्यप्रदेश द्वारा तकनीकी एवं कौशल शिक्षा को अधिक सुलभ, समावेशी एवं रोजगारोन्मुख बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया है। प्रवेश सत्र 2026-27 से शासकीय आईटीआई में प्रवेश लेने वाली महिला प्रशिक्षणार्थियों के प्रशिक्षण शुल्क में 25 प्रतिशत की रियायत प्रदान की गई है। साथ ही, सभी विद्यार्थियों के लिए प्रवेश शुल्क दो आसान किस्तों में जमा करने की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। यह निर्णय विशेष रूप से आर्थिक रूप से कमजोर एवं ग्रामीण परिवारों के विद्यार्थियों के लिए अत्यंत राहतकारी एवं सराहनीय पहल है।
नई व्यवस्था के अनुसार पुरुष अभ्यर्थियों के लिए कुल प्रवेश शुल्क ₹6090 तथा महिला प्रशिक्षणार्थियों के लिए मात्र ₹4755 निर्धारित किया गया है। इसके अतिरिक्त प्रथम किस्त प्रवेश के समय तथा द्वितीय किस्त नवंबर-दिसंबर माह में जमा की जा सकेगी, जिससे किसी भी पात्र विद्यार्थी को आर्थिक कारणों से कौशल प्रशिक्षण से वंचित न रहना पड़े।
विदिशा जिले में 35 प्रतिशत महिला प्रवेश एवं शत-प्रतिशत प्रवेश सुनिश्चित करने के उद्देश्य से विशेष जनजागरूकता अभियान संचालित किया जा रहा है। महिला एवं बाल विकास विभाग, स्कूल शिक्षा विभाग, जनप्रतिनिधियों, पंचायतों तथा विभिन्न सामाजिक संगठनों के सहयोग से बालिकाओं एवं युवाओं तक प्रवेश संबंधी जानकारी पहुँचाई जा रही है, ताकि अधिकाधिक विद्यार्थी कौशल विकास से जुड़कर आत्मनिर्भर बन सकें।
जिले की सभी शासकीय आईटीआई में प्रवेश पंजीयन, चॉइस फिलिंग एवं मार्गदर्शन हेतु हेल्प डेस्क संचालित हैं। इच्छुक अभ्यर्थी www.dsd.mp.gov.in पर ऑनलाइन पंजीयन कर सकते हैं अथवा अपने निकटतम शासकीय आईटीआई से संपर्क कर निःशुल्क सहायता प्राप्त कर सकते हैं।
कौशल विकास एवं रोजगार विभाग ने जिले के अभिभावकों, युवाओं एवं विशेष रूप से बालिकाओं से अपील की है कि शासन द्वारा प्रदान की गई शुल्क रियायत एवं दो किस्तों में शुल्क जमा करने की सुविधा का अधिकतम लाभ उठाते हुए शासकीय आईटीआई में प्रवेश लेकर कौशल, रोजगार और आत्मनिर्भर भविष्य की ओर अपना सशक्त कदम बढ़ाएँ।
#vidisha #JansamparkMP
65 views | Vidisha, Madhya Pradesh | Jul 3, 2026