एंचदा में सोयाबीन प्रदर्शन का किया अवलोकन, आधुनिक खेती एवं उद्यानिकी अपनाने की दी सलाह
..
कृषि विभाग द्वारा किसानों को उन्नत तकनीकों से जोड़ने और उत्पादन बढ़ाने के उद्देश्य से संचालित योजनाओं के तहत विकासखंड नटेरन के ग्राम एंचदा में राष्ट्रीय खाद्य तिलहन मिशन योजना अंतर्गत स्थापित सोयाबीन प्रदर्शन का उपसंचालक कृषि श्री सचिन जैन ने निरीक्षण किया। उन्होंने प्रदर्शन प्लॉट का अवलोकन कर किसान को वैज्ञानिक खेती अपनाने तथा फसल प्रबंधन संबंधी आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया।
क्षेत्रीय कृषि विस्तार अधिकारी श्री राज रघुवंशी ने बताया कि ग्राम एंचदा के कृषक श्री लोकेश सोलंकी उर्फ लक्की सोलंकी, पिता श्री राजेंद्र सोलंकी, क्षेत्र के प्रगतिशील किसानों में शामिल हैं। वे आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाने के साथ कृषि विभाग के नियमित संपर्क में रहकर नवीन तकनीकों का उपयोग कर रहे हैं। उन्होंने विकसित कृषि संकल्प अभियान के दौरान प्राप्त जानकारी के आधार पर सोयाबीन की उन्नत किस्म JS-2098 की बुआई रीज-फेरो पद्धति से की है, जिससे फसल की बेहतर वृद्धि एवं उत्पादन की संभावना बढ़ी है।
निरीक्षण के दौरान उपसंचालक श्री जैन ने खेत का भ्रमण कर फसल की स्थिति का अवलोकन किया तथा आगामी कृषि कार्यों, पोषक तत्व प्रबंधन एवं फसल संरक्षण संबंधी आवश्यक सुझाव दिए। उन्होंने किसान को सोयाबीन के साथ उद्यानिकी फसलों का समावेश कर आय के विविध स्रोत विकसित करने और प्राकृतिक संसाधनों का बेहतर उपयोग करने की सलाह भी दी।
वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी श्री जगदीश गुर्जर ने जानकारी दी कि संबंधित कृषक द्वारा मृदा परीक्षण प्रयोगशाला में मिट्टी की जांच भी कराई गई है। परीक्षण रिपोर्ट के आधार पर किसान को संतुलित उर्वरकों एवं सूक्ष्म पोषक तत्वों के वैज्ञानिक उपयोग की जानकारी दी गई है, जिससे भूमि की उर्वरता बनाए रखते हुए अधिक उत्पादन प्राप्त किया जा सके।
भ्रमण के दौरान वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी श्री रूपेश बघेल, कृषि विस्तार अधिकारी श्री राघवेंद्र अहिरवार, श्री अभिषेक जैन सहित कृषि विभाग के अधिकारी-कर्मचारी एवं क्षेत्र के अनेक कृषक उपस्थित रहे। अधिकारियों ने किसानों से विभागीय योजनाओं का अधिकाधिक लाभ उठाकर वैज्ञानिक एवं आधुनिक खेती अपनाने का आह्वान किया। #Vidisha
64 views | Vidisha, Madhya Pradesh | Jul 3, 2026