बेगूसराय: बलिया मध्य विद्यालय शादीपुर से 48 क्विंटल एमडीएम चावल चोरी का मामला, तीन दिन बाद भी प्राथमिकी नहीं
बलिया प्रखंड क्षेत्र के मध्य विद्यालय शादीपुर में मध्यान्ह भोजन (एमडीएम) योजना के लिए उपलब्ध कराए गए लगभग 48 क्विंटल चावल की चोरी का मामला सामने आया है। घटना शनिवार की बताई जा रही है तीन दिन बीत जाने के बावजूद विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक द्वारा स्थानीय थाना में प्राथमिकी दर्ज नहीं कराए जाने से मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि शनिवार को विद्यालय से चावल चोरी होने की जानकारी मिली थी, लेकिन अब तक प्रशासनिक स्तर पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। जानकारी के अनुसार, विभाग द्वारा शुक्रवार को विद्यालय के लिए करीब 48 क्विंटल चावल उपलब्ध कराया गया था। इसके अगले ही दिन चावल चोरी होने की सूचना सामने आई। हालांकि, इस गंभीर मामले में विद्यालय प्रशासन की ओर से अब तक कोई लिखित शिकायत संबंधित अधिकारियों या पुलिस को नहीं दी गई है। प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी सुरेन्द्र कुमार पांडे ने बताया कि प्रभारी प्रधानाध्यापक रामनरेश राय ने उन्हें केवल मौखिक रूप से घटना की जानकारी दी है। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में संबंधित विद्यालय प्रधान को तत्काल स्थानीय थाना में प्राथमिकी दर्ज करानी चाहिए थी, लेकिन अब तक ऐसा नहीं किया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि लिखित आवेदन मिलने के बाद मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। वहीं, प्रखंड मध्यान्ह भोजन साधनसेवी रामविलास कुमार ने बताया कि विभाग द्वारा शुक्रवार को 48 क्विंटल चावल मध्य विद्यालय शादीपुर के लिए भेजा गया था। इस संबंध में जब प्रभारी प्रधानाध्यापक रामनरेश राय से दूरभाष पर संपर्क कर घटना के बारे में जानकारी लेने का प्रयास किया गया, तो उन्होंने किसी भी प्रकार की जानकारी देने से इनकार करते हुए फोन कॉल कट कर दिया। घटना को लेकर स्थानीय लोगों में कई तरह की चर्चाएं हैं। लोगों का कहना है कि इतनी बड़ी मात्रा में चावल चोरी होना और उसके बाद भी प्राथमिकी दर्ज नहीं कराया जाना कई सवाल खड़े करता है। अब सभी की निगाहें शिक्षा विभाग और पुलिस प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी हैं।
#education #CrimeNews #विद्यालय_में_चोरी #शिक्षाविभाग