फतेहाबाद पुलिस लाइन में नमो क्रिकेट लीग का रोमांच जारी, एडीसी ने खिलाडिय़ों को किया प्रेरित, दिलाई शपथ
फतेहाबाद। (राष्ट्रीय कदम) ब्यूरो:
पुलिस लाइन स्थित खेल मैदान में आयोजित ‘संदीप पाटिल जोन-2 नमो क्रिकेट लीग’ में मंगलवार को आयोजित कार्यक्रम प्रतियोगिता का शुभारंभ अतिरिक्त उपायुक्त अनुराग ढालिया ने मुख्य अतिथि के रूप में किया। कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने पर जोन प्रभारी अशोक भुक्कर एवं आयोजन समिति के सदस्यों ने एडीसी अनुराग ढालिया का स्वागत किया। शुभारंभ अवसर पर एडीसी अनुराग ढालिया ने खिलाडिय़ों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया और टॉस करवाकर दूसरे दिन के मुकाबलों की शुरुआत कराई। खिलाडिय़ों को संबोधित करते हुए अतिरिक्त उपायुक्त ने कहा कि खेल युवाओं में अनुशासन, टीम वर्क और मानसिक दृढ़ता की भावना विकसित करते हैं। युवा शक्ति को सही दिशा देने और उन्हें नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रखने में इस तरह के भव्य खेल आयोजन बेहद कारगर साबित होते हैं। उन्होंने सभी टीमों को खेल भावना के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए शुभकामनाएं दीं। इस दौरान एडीसी ने खिलाडिय़ों को नशा न करने और समाज को भी जागरूक करने की शपथ दिलाई।
जोन प्रभारी अशोक भुक्कर ने एडीसी का स्वागत करते हुए कहा कि संदीप पाटिल जोन-2 के मुकाबले फतेहाबाद पुलिस लाइन मैदान के साथ-साथ गांव बोदीवाली के खेल स्टेडियम में भी आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि प्रदेशभर में कुल 24 जोनों में जोन-स्तरीय मुकाबले खेले जा रहे हैं, जहाँ से विजेता बनने वाली टीमें राज्य स्तरीय नमो क्रिकेट लीग में प्रवेश करेंगी। उन्होंने बताया कि जोन-2 की विजेता टीम को 31 हजार रुपये का प्रथम पुरस्कार तथा उपविजेता टीम को 21 हजार रुपये का द्वितीय पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा। राज्य स्तरीय नमो क्रिकेट प्रतियोगिता में विजेता रहने वाली टीम को 21 लाख रुपये का प्रथम पुरस्कार, उपविजेता को 11 लाख रुपये तथा तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली टीम को 5 लाख रुपये का नकद पुरस्कार दिया जाएगा। इस अवसर पर समाजसेवी विनोद तायल, प्रोफेसर बंसीलाल, जसवंत सिंह, सामाजिक कार्यकर्ता गोपाल बंसल, सुनील गुजराती, अनिल टांडी, बाली मित्तल सहित अनेक गणमान्य लोग एवं खेल प्रेमी उपस्थित रहे।