*पूर्वी राजस्थान में पहली बार दिखा रसैल वाइपर सांप, सर्प मित्र राणा वजीरपुर ने किया रेस्क्यू लोगों में मचा हड़कंप*
वजीरपुर। क्षेत्र के सर्प मित्र राणा वजीरपुर ने मंगलवार को पूर्वी राजस्थान में पहली बार दिखाई दिए रसैल वाइपर सांप का रेस्क्यू किया। जानकारी में सर्प मित्र राणा वजीरपुर ने बताया कि पूर्वी राजस्थान के करौली जिले के माच गांव में पहली बार एक घर के पास दुर्लभ और बेहद विषैला रसैल वाइपर दिखाई देने से लोगों में हड़कंप मच गया। सांप को देखने के लिए मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। बाद में सावधानीपूर्वक इसका रेस्क्यू किया गया।
ग्रामीणों के अनुसार पूर्वी राजस्थान के करौली और सवाई माधोपुर जिले में रसैल वाइपर के पहली बार दिखाई देने की बात सामने आई है। बारिश के मौसम में सांपों की सक्रियता बढ़ने के बीच इस प्रजाति के दिखाई देने से क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गया है।
रसैल वाइपर की पहचान उसके मोटे शरीर और शरीर पर बने गोल या अंडाकार भूरे-काले निशानों से होती है। यह भारत के प्रमुख विषैले सांपों में शामिल है। खतरा महसूस होने पर यह तेज फुफकार निकालते हुए शरीर को सिकोड़कर रक्षात्मक मुद्रा बना लेता है।
इसके विष के कारण खून के जमने की प्रक्रिया प्रभावित होने के साथ किडनी और शरीर के अन्य अंगों पर गंभीर असर पड़ सकता है। सांप के काटने पर पीड़ित को तुरंत अस्पताल पहुंचाना जरूरी है।
ग्रामीणों ने बताया कि बारिश के बाद खेतों, घरों और आसपास के इलाकों में सांप निकलने की घटनाएं बढ़ी हैं। लोगों से अपील की गई कि सांप दिखाई देने पर उसे मारने या पकड़ने के बजाय सुरक्षित दूरी बनाए रखें और प्रशिक्षित स्नेक रेस्क्यू टीम को सूचना दें।