*रेलकर्मियों द्वारा तिरंगा यात्रा का आयोजन*
पंडित दीन दयाल उपाध्याय मंडल में स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में 'हर घर तिरंगा' अभियान के तहत आज, 12 अगस्त 2026 को मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय से पंडित दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन तक तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया।
मंडल रेल प्रबंधक श्री उदय सिंह मीना ने मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय परिसर में झंडा दिखाकर यात्रा को रवाना किया। इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक श्री कुलदीप, अपर मंडल रेल प्रबंधक श्री सूरज कुमार, वरीय मंडल कार्मिक अधिकारी श्री नीरज कुमार सहित विभिन्न शाखाओं के अधिकारी तथा बड़ी संख्या में रेलकर्मी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक श्री उदय सिंह मीना ने कहा कि “तिरंगा हमारी राष्ट्रीय एकता और गौरव का प्रतीक है। हर घर तिरंगा अभियान हमें राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और देश के प्रति अपने दायित्व की भावना को मजबूत करने का अवसर देता है। इस तिरंगा यात्रा में रेलकर्मियों की सहभागिता हमारे राष्ट्रीय गौरव और एकता की भावना को दर्शाती है।”
तिरंगा यात्रा में रेलकर्मियों के साथ मंडल में भारत स्काउट्स एंड गाइड्स के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। प्रतिभागियों ने हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय से चलकर पंडित दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन परिसर में तिरंगा यात्रा की। इस दौरान तिरंगा लहराते हुए ‘वंदे मातरम्’ के उद्घोष के साथ देशभक्ति एवं राष्ट्रीय गौरव की भावना का संदेश दिया गया।
तिरंगा यात्रा के माध्यम से डीडीयू मंडल के रेलकर्मियों ने आज राष्ट्रीय एकता, देशभक्ति और तिरंगे के प्रति सम्मान का संदेश दिया।
Khizirsarai, Gaya | Aug 12, 2026