नशे के खिलाफ पुलिस की दबिश, डिंग व भावदीन में 17 घरों की तलाशी सर्च अभियान ।
डिंग थाना प्रभारी की अगुवाई में सुबह 10 से दोपहर 2 बजे तक चला सर्च अभियान, डॉग स्क्वायड की भी ली मदद ।
सिरसा। जिले में नशे के कारोबार पर लगाम लगाने के लिए सिरसा पुलिस ने गांव-गांव जाकर संदिग्ध लोगों की जांच शुरू कर दी है। इसी कड़ी में डिंग थाना पुलिस ने गांव डिंग और भावदीन में नशे की गतिविधियों में संलिप्त लोगों के घरों पर सर्च अभियान चलाया। थाना प्रभारी सब इंस्पेक्टर जसवंत सिंह की अगुवाई में पुलिस टीम ने सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक करीब 17 घरों में तलाशी ली। इस दौरान डॉग स्क्वायड की मदद से घरों और आसपास के क्षेत्रों की जांच की गई। डिंग थाना प्रभारी जसवंत सिंह ने बताया कि पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन के निर्देश पर जिले में नशे के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसका मकसद नशे का कारोबार करने वालों पर शिकंजा कसना और नशे की गतिविधियों पर प्रभावी ढंग से रोक लगाना है। पुलिस की ओर से ऐसे लोगों की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है, जिनके नशे के कारोबार में शामिल होने की आशंका है।
नशा बेचने वालों की सूचना पुलिस को दें । थाना प्रभारी ने बताया कि सर्च अभियान के दौरान लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक भी किया गया। आमजन से अपील की गई कि उनके आसपास कोई व्यक्ति नशे का कारोबार करता है तो बिना किसी डर के पुलिस को सूचना दें। सूचना के आधार पर ऐसे लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि यदि कोई युवा नशे की गिरफ्त में आ गया है तो उसे धिक्कारने के बजाय नशा छोड़ने के लिए प्रेरित करें। ऐसे युवाओं की जानकारी पुलिस को दें, ताकि स्थानीय प्रशासन के सहयोग से उनके इलाज और पुनर्वास की व्यवस्था कर उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ा जा सके। पुलिस ने लोगों से नशामुक्त समाज बनाने में सहयोग देने की अपील की।
Sirsa, Sirsa | Oct 14, 2026