शहर थाना प्रभारी ने रामलीला मंच से नशे और साइबर अपराधों के खिलाफ अलख जगाई ।
शहर थाना प्रभारी संतोष सिंह ने लोगों को दिलाई नशे से दूर रहने की शपथ ।
सिरसा। रामलीला के मंच से अब मनोरंजन के साथ-साथ सामाजिक बुराइयों के खिलाफ भी लोगों को जागरूक किया जा रहा है। इसी कड़ी में विष्णु क्लब चैरिटेबल ट्रस्ट के रामलीला ग्राउंड में पहुंचे शहर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर संतोष सिंह ने रात्रि में रामलीला देखने आए लोगों को नशे के दुष्प्रभावों और साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक किया। इस दौरान उपस्थित लोगों को नशे से दूर रहने की शपथ भी दिलाई गई।
नशे के खिलाफ हर व्यक्ति निभाए अपनी जिम्मेदारी
शहर थाना प्रभारी संतोष सिंह ने कहा कि नशा आज समाज के सामने बड़ी चुनौती है। युवाओं को नशे से बचाने के लिए पुलिस के साथ-साथ परिवार और समाज के प्रत्येक व्यक्ति को अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अपने आसपास के युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करें और उन्हें खेलों तथा सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ें। नशे के अवैध कारोबार की जानकारी मिलने पर बिना किसी देरी के पुलिस को सूचित करें, ताकि ऐसे लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जा सके।
साइबर ठगी होने पर तुरंत 1930 पर करें कॉल
कार्यक्रम के दौरान इंस्पेक्टर संतोष सिंह ने साइबर अपराधों के बढ़ते मामलों पर भी लोगों को सचेत किया। उन्होंने कहा कि अनजान कॉल, संदिग्ध लिंक, फर्जी निवेश योजनाओं और लालच भरे संदेशों से सावधान रहें। किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, बैंक संबंधी जानकारी या पासवर्ड साझा न करें। यदि किसी के साथ ऑनलाइन ठगी हो जाती है, तो बिना देर किए राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज करवाएं। इसके अलावा साइबर अपराध की शिकायत www.cybercrime.gov.in पर भी की जा सकती है।
उन्होंने कहा कि पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन के नेतृत्व में सिरसा पुलिस नशे की मांग खत्म करने और साइबर अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। इस मौके पर शहर के मौजूदा पार्षद सहित अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे।
Sirsa, Sirsa | Oct 14, 2026