*प्रेस विज्ञप्ति*
समाहरणालय, मधेपुरा |
जिला जनसंपर्क कार्यालय
जीविका, मधेपुरा के सौजन्य से
दिनांक : 25 सितंबर 2026
*कौशल से स्वरोजगार की ओर बढ़ते कदम : आरसेटी में फास्ट फूड स्टॉल प्रशिक्षण शुरू*
*प्रशिक्षणार्थियों को खाद्य निर्माण से लेकर व्यवसाय प्रबंधन एवं विपणन तक दी जाएगी व्यावहारिक जानकारी*
मधेपुरा, 25 सितंबर 2026 : स्वरोजगार एवं उद्यमिता को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से एसबीआई ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी), मधेपुरा में लघु उद्यमी–फास्ट फूड स्टॉल प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से प्रशिक्षणार्थियों को फास्ट फूड व्यवसाय की स्थापना एवं सफल संचालन के लिए आवश्यक कौशल और व्यावहारिक जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी।
कार्यक्रम में जीविका के जिला परियोजना प्रबंधक श्री नीलकमल चौधरी, रोजगार प्रबंधक श्री अमरजीत कुमार, आरसेटी निदेशक श्री अरुण कुमार, प्रशिक्षक श्री राजन कुमार सिंह एवं कार्यालय सहायक श्री लोकश कुमार उपस्थित रहे।
जिला परियोजना प्रबंधक श्री नीलकमल चौधरी ने कहा कि प्रशिक्षण का मूल उद्देश्य अभ्यर्थियों में व्यावसायिक दक्षता विकसित कर उन्हें अपने पैरों पर खड़ा होने के लिए सक्षम बनाना है। उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों से पूरी गंभीरता एवं सक्रियता के साथ प्रशिक्षण प्राप्त करने तथा अर्जित कौशल को व्यवसाय के रूप में विकसित करने की अपील की।
प्रशिक्षण के दौरान खाद्य पदार्थों की तैयारी एवं प्रस्तुतीकरण, स्वच्छता एवं गुणवत्ता मानक, कच्चे माल की खरीद एवं प्रबंधन, लागत का आकलन, मूल्य निर्धारण, ग्राहक व्यवहार, व्यवसाय प्रबंधन, विपणन एवं बिक्री जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर प्रशिक्षण दिया जाएगा।
उपस्थित अधिकारियों ने कहा कि केवल प्रशिक्षण प्राप्त करना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि प्रशिक्षण से प्राप्त कौशल का व्यावहारिक उपयोग कर स्थायी स्वरोजगार का अवसर तैयार करना इसकी वास्तविक सफलता होगी। प्रशिक्षणार्थियों को आत्मविश्वास के साथ अपना उद्यम शुरू करने और उसे क्रमशः विकसित करने के लिए प्रोत्साहित किया गया।
फास्ट फूड स्टॉल प्रशिक्षण कार्यक्रम के माध्यम से कौशल विकास को स्वरोजगार से जोड़ने तथा इच्छुक अभ्यर्थियों को लघु उद्यम स्थापित करने के लिए तैयार करने की दिशा में सार्थक पहल की जा रही है।
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
118 views | Madhepura, Bihar | Sep 26, 2026