🚨प्रवासी उत्तराखण्डियों के अनुभव और सामर्थ्य से प्रदेश के विकास को मिलेगी नई गति: सीएम धामी
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को दून विश्वविद्यालय में आयोजित तृतीय प्रवासी उत्तराखण्डी सम्मेलन में देशभर से पहुंचे प्रवासी उत्तराखण्डियों का स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि प्रवासी उत्तराखण्डी राज्य की अमूल्य निधि हैं। उनके अनुभव, ज्ञान, प्रतिभा और संसाधनों का लाभ प्रदेश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।
मुख्यमंत्री ने प्रवासियों से अपनी संस्कृति, परंपराओं और पैतृक गांवों से जुड़े रहने की अपील की। उन्होंने अपने गांवों को गोद लेकर विकास कार्यों में योगदान देने वाले 30 प्रवासी उत्तराखण्डियों का आभार जताते हुए कहा कि यह पहल मातृभूमि के प्रति उनके प्रेम और सामाजिक जिम्मेदारी का उदाहरण है।
सीएम धामी ने कहा कि उत्तराखण्ड सरकार विकास के विभिन्न क्षेत्रों में लगातार काम कर रही है। प्रदेश में समान नागरिक संहिता लागू करने, सख्त नकल विरोधी कानून बनाने और पिछले पांच वर्षों में 35 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी देने जैसे महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं। वहीं, 13 हजार एकड़ से अधिक सरकारी भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया गया है।
उन्होंने बताया कि राज्य में 3.5 लाख महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। कृषि और बागवानी को बढ़ावा देने के लिए एप्पल, कीवी और तिमुर मिशन संचालित किए जा रहे हैं। वहीं, स्थानीय उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने के लिए शुरू किए गए 'हाउस ऑफ हिमालयाज' ब्रांड से छह करोड़ रुपये से अधिक की बिक्री हो चुकी है।
मुख्यमंत्री ने सौंग, जमरानी और लखवाड़ बांध परियोजनाओं, पंतनगर एयरपोर्ट के विस्तार, हेलीपोर्ट निर्माण और सड़क एवं रेल कनेक्टिविटी के विकास का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं से प्रदेश में पर्यटन, तीर्थाटन और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।
इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी और डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक ने भी प्रवासी उत्तराखण्डियों से अपनी जड़ों और संस्कृति से जुड़े रहने का आह्वान किया। मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने प्रवासियों को प्रदेश का ब्रांड एंबेसडर बताते हुए राज्य के विकास में निवेश, तकनीकी ज्ञान और उद्यमशीलता के माध्यम से योगदान देने की अपील की।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी, विधायक विनोद चमोली, किशोर उपाध्याय, दिल्ली विधानसभा के उपाध्यक्ष मोहन सिंह बिष्ट, प्रसार भारती अध्यक्ष प्रसून जोशी, अभिनेत्री हिमानी शिवपुरी, अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी चित्रांशी रावत सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
#PravasiUttarakhandi #Uttarakhand #PushkarSinghDhami #Dehradun #UttarakhandNews #newsmafiya