अतिक्रमण के विरुद्ध नगर निगम की कार्रवाई लगातार जारी, बाजारों एवं प्रमुख मार्गों पर विशेष अभियान
पंचकूला, 8 सितंबर : नगर निगम पंचकूला द्वारा शहर में अतिक्रमण, अवैध रूप से लगाए गए रेहड़ी-फड़ी एवं अस्थायी दुकानों तथा सार्वजनिक स्थानों पर किए गए कब्जों के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। नगर निगम की प्रवर्तन टीमों को नियमित रूप से फील्ड में तैनात कर बाजारों, मार्केट कॉरिडोर, मुख्य सड़कों एवं पार्किंग क्षेत्रों की निगरानी की जा रही है।
नगर निगम द्वारा स्पष्ट किया गया है कि सार्वजनिक सड़कों, फुटपाथों, पार्किंग स्थलों एवं अन्य सार्वजनिक स्थानों पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण स्वीकार नहीं किया जाएगा। अतिक्रमण पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है तथा संबंधित सामान को हटाया जा रहा है।
नगर निगम के अधिकारियों के अनुसार, हाल के दिनों में विभिन्न क्षेत्रों में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई है। साथ ही टीमों को निर्देश दिए गए हैं कि कार्रवाई के बाद भी संबंधित स्थानों पर नियमित निगरानी रखी जाए, ताकि दोबारा अतिक्रमण न हो।
पार्किंग व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए भी संबंधित टीमों द्वारा विशेष निगरानी की जा रही है। दुकानदारों एवं रेहड़ी-फड़ी संचालकों से अपील की गई है कि वे निर्धारित स्थान एवं नियमों के अनुसार ही अपना व्यवसाय करें और सार्वजनिक मार्गों एवं पार्किंग स्थलों को अवरुद्ध न करें।
नगर निगम पंचकूला नागरिकों से सहयोग की अपील करता है। शहर को अतिक्रमणमुक्त, स्वच्छ एवं व्यवस्थित बनाए रखने के लिए प्रवर्तन अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
Panchkula, Panchkula | Sep 8, 2026