सिविल अस्पताल सेक्टर-6 पंचकूला का अतिरिक्त उपायुक्त ने किया निरीक्षण
पंचकूला 8 सितंबर : अतिरिक्त उपायुक्त पंचकूला श्री विवेक आर्य ने आज सिविल अस्पताल सेक्टर-6, पंचकूला का निरीक्षण किया। इस अवसर पर पीएमओ सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।
अतिरिक्त उपायुक्त ने अस्पताल में मरीजों को उपलब्ध करवाई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं, साफ-सफाई तथा अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान सामने आई कमियों को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। साथ ही, सभी कमियों को निर्धारित समय-सीमा में दूर करने के लिए डेडलाइन भी तय की गई।
अतिरिक्त उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अस्पताल में मरीजों को बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाने के साथ-साथ स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि अस्पताल की व्यवस्थाओं में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी और मरीजों की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।