*रणथम्भौर त्रिनेत्र गणेश मेले में “माय भारत” के स्वयंसेवकों ने किया सराहनीय सेवाकार्य*
*सवाई माधोपुर, 15 सितम्बर।* प्रसिद्ध रणथंभौर त्रिनेत्र गणेश लक्खी मेले के दौरान युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय भारत सरकार के “मेरा युवा भारत” के स्वयंसेवकों ने जिला कलक्टर काना राम की मार्गनिर्देशन में एक्सपीरियंशियल लर्निंग प्रोग्राम के तहत मेले में प्रशासनिक व्यवस्थाओं में सक्रिय सराहनीय योगदान दिया।
टीम लीडर राजेश गुर्जर ने बताया कि मेले के दौरान इन ऊर्जावान स्वयंसेवकों ने यातायात पुलिस, वन विभाग, चिकित्सा, मंदिर प्रशासन, सेंसस और मेला प्रबंधन से जुड़े विभिन्न विभागों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर अपनी सेवाएं दीं। त्रिनेत्र गणेश मंदिर मार्ग पर उमड़ने वाली लाखों श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को नियंत्रित करने, ट्रैफिक व्यवस्था को सुगम बनाने तथा बुजुर्गों, महिलाओं एवं जरूरतमंदों की सहायता करने में इन युवाओं की भूमिका बेहद सराहनीय रही। रणथंभौर के संवेदनशील वन क्षेत्र के नजदीक आयोजित इस मेले में स्वयंसेवकों ने वन्यजीव सुरक्षा और पर्यावरण संरक्षण के प्रति भी श्रद्धालुओं को लगातार जागरूक किया। इसी के साथ विकसित भारत यंग लीडर डायलॉग के बारे में भी जागरूक किया। यह एक्सपीरियंशियल लर्निंग प्रोग्राम युवाओं के लिए केवल एक सेवा कार्य तक सीमित नहीं रहा, बल्कि उनके व्यावहारिक कौशल, संकट प्रबंधन और नेतृत्व क्षमता को निखारने का एक सशक्त मंच साबित हुआ। धरातल पर प्रशासनिक चुनौतियों को नजदीक से देखने और उन्हें सफलतापर्वूक संभालने का यह अनुभव इन युवाओं के भविष्य के लिए एक अनमोल अनुभव साबित हुआ।
मेले के व्यवस्थित रूप से संपन्न होने में “माय भारत” के स्वयंसेवकों का यह योगदान साबित करता है कि जब युवा ऊर्जा को सकारात्मक मंच और अवसर मिलते हैं, तो वे किसी भी बड़े आयोजन की महत्वपूर्ण कड़ी बन जाते हैं। इस दौरान मायभारत स्वयंसेक आयुषी गर्ग, वंदना संगत, आशिका गुर्जर, कोमल चौधरी, तानिया वर्मा, ठंडीराम मीणा, महेंद्र बैरवा, सागर चौधरी, विजय गुर्जर ,मनीष बैरवा सहित 30 स्वयंसेवकों ने अपनी सेवाएं दी।