*गंगा एवं सोन नदी के बढ़ते जलस्तर के बीच भोजपुर में राहत, बचाव एवं सुरक्षा कार्य जारी*
गंगा एवं सोन नदी के जलस्तर में लगातार वृद्धि को देखते हुए जिला पदाधिकारी, भोजपुर श्री मनेश कुमार मीणा के निर्देशानुसार संवेदनशील एवं प्रभावित क्षेत्रों में राहत, बचाव एवं सुरक्षा कार्य लगातार जारी हैं।
*सामुदायिक रसोई से भोजन एवं दूध की व्यवस्था*
बड़हरा के बलुआ-पिपरपांती में संचालित सामुदायिक रसोई के माध्यम से प्रभावित लोगों को भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है। आज लगभग 250 लोगों ने भोजन किया तथा बच्चों को दोनों समय दूध भी उपलब्ध कराया गया। आरा सदर की बरजा पंचायत में तीन स्थानों पर संचालित सामुदायिक रसोई के माध्यम से आज लगभग 200 लोगों को भोजन कराया गया।
*103 निःशुल्क नावों का परिचालन*
सुरक्षित आवागमन के लिए आरा सदर में 12, कोइलवर में 4, शाहपुर में 44 तथा बड़हरा में 43, कुल 103 निःशुल्क नावों का परिचालन किया जा रहा है।
*स्वास्थ्य एवं पशु चिकित्सा सेवाएं*
प्रभावित क्षेत्रों में 6 मेडिकल बोट एवं 17 मेडिकल कैंपों के माध्यम से स्वास्थ्य सेवाएं दी जा रही हैं। आरा सदर में 4 कैंपों में 200, बड़हरा में 6 में 563, कोइलवर में 3 में 226 तथा शाहपुर में 4 कैंपों में 1,320 लोगों का उपचार किया गया। आवश्यक दवाओं के साथ 435 हेलोजन टैबलेट्स का वितरण किया गया। वहीं, 3 पशु चिकित्सा कैंपों में 626 पशुओं का उपचार एवं आवश्यक दवाओं का वितरण किया गया।
*राहत एवं निगरानी व्यवस्था*
अब तक कुल 1,500 पॉलिथीन शीट्स का वितरण किया जा चुका है। बड़हरा के पिपरपांती में FCD की टीम द्वारा कटाव निरोधक एवं सुरक्षात्मक कार्य जारी हैं। त्वरित कार्रवाई के लिए पदाधिकारियों एवं कर्मियों की तीन शिफ्टों में 24×7 प्रतिनियुक्ति, जिला नियंत्रण कक्ष की सक्रियता तथा शाहपुर एवं बड़हरा में SDRF की तैनाती सुनिश्चित की गई है।
*आमजन से सतर्कता की अपील*
निचले, जलमग्न एवं संवेदनशील क्षेत्रों में रहने वाले लोग नदी एवं जलमग्न क्षेत्रों में अनावश्यक आवागमन से बचें तथा बच्चों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें।
Arrah, Bhojpur | Sep 3, 2026