राष्ट्रीय एकता दिवस पर विधिक साक्षरता शिविर सम्पन्न
---
राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर प्रधान न्यायाधीश श्री संजीव श्रीवास्तव के मार्गदर्शन में शासकीय हाई स्कूल पदम नगर, जिला खंडवा में विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव एवं जिला न्यायाधीश श्री अनिल चौधरी ने उपस्थित होकर विद्यार्थियों को संबोधित किया। उन्होंने बच्चों को निःशुल्क विधिक सहायता योजना, यातायात नियमों, पॉक्सो अधिनियम तथा गुड टच एवं बैड टच जैसे महत्वपूर्ण विषयों की विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने तथा किसी भी प्रकार की परेशानी होने पर कानूनी सहायता प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया।
विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव श्री चौधरी ने लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल के जीवन, व्यक्तित्व एवं राष्ट्र की एकता और अखंडता बनाए रखने में उनके अतुलनीय योगदान के बारे में भी विद्यार्थियों को जानकारी दी। उन्होंने बच्चों को राष्ट्रीय एकता, सामाजिक सद्भाव एवं आपसी भाईचारे की भावना बनाए रखने का संदेश दिया। इस अवसर पर जिला विधिक सहायता अधिकारी श्री दिलावर सिंह, विद्यालय के प्रभारी प्राचार्य श्री मनीष मंडलोई, एवं विद्यालय के शिक्षकगण भी उपस्थित थे।
Jansampark Madhya Pradesh
General Administration Department, MP
Department of School Education, Madhya Pradesh
Department of Culture, Madhya Pradesh
#khandwa
1 views | Khandwa, Madhya Pradesh | Oct 31, 2026