वाराणसी में काशी इंस्टीट्यूट के पास कार की टक्कर से बाइक सवार युवक घायल,
वाराणसी। मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के काशी इंस्टीट्यूट के पास रविवार को तेज रफ्तार चार पहिया वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल युवक को उपचार के लिए निजी अस्पताल भेजा। वहीं, पुलिस ने कार और उसके चालक को पकड़ लिया।
जानकारी के अनुसार, रोहनिया थाना क्षेत्र के बच्छाव गांव निवासी आकाश कुमार (पुत्र पारसनाथ) रविवार को कछवां रोड पर अपने दोस्त से मिलने गया था। वहां से बाइक से घर लौटते समय सुबह करीब 11:30 बजे काशी इंस्टीट्यूट के पास बीपी पेट्रोल पंप के नजदीक उसकी बाइक को एक तेज रफ्तार चार पहिया वाहन ने टक्कर मार दी। टक्कर लगने से आकाश कुमार सड़क पर गिरकर घायल हो गया।
हादसे के बाद आसपास के लोगों की मौके पर भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर पहुंची मिर्जामुराद पुलिस ने घायल युवक को तत्काल उपचार के लिए निजी अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल कार और उसके चालक को पकड़ लिया है। पुलिस मामले में आवश्यक कार्रवाई कर रही है।