भिवानी सब्जी मंडी दुकानदार बोले : हमारी 360 गज जमीन वैध रजिस्ट्रीशुदा, विकास नगर वालों ने खुद 35 फीट तक किया अवैध कब्जा : गुलशन प्रधान
प्रशासन से की मांग : एकपक्षीय कार्रवाई न हो, 60 ,80 फीट सार्वजनिक रोड की पैमाइश कर कब्जे हटाए जाएं
भिवानी, स्थानीय विकास नगर और सब्जी मंडी के बीच सडक़ व जमीन पर कब्जे को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। सब्जी मंडी के दुकानदारों ने विकास नगर के निवासियों पर दोहरे मापदंड अपनाने का सीधा आरोप लगाते हुए कहा है कि विकास नगर के लोगों ने खुद सरकारी 80 फीट रोड पर 30 से 35 फीट तक अवैध कब्जा कर रखा है, लेकिन वे उल्टा सब्जी मंडी वालों को बदनाम कर रहे हैं। दुकानदारों ने स्पष्ट किया कि उनकी दुकानें 360 वर्ग गज की वैध मलकियत और रजिस्ट्रीशुदा जमीन पर स्थित हैं। उन्होंने आम रास्ता बंद किए जाने पर भारी रोष व्यक्त करते हुए आपातकालीन सेवाओं के ठप होने की चेतावनी दी है।
इस बारे में गुलशन प्रधान ने कहा कि सब्जी मंडी भिवानी की ओर से कोई भी अवैध कब्जा नहीं किया गया है। इन दुकानों की 360 वर्ग गज की अपनी मलकियत है और उनके पास इसके पूरे रजिस्ट्री दस्तावेज मौजूद हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि विकास नगर वालों ने खुद 60 फीट चौड़े मुख्य रोड पर 30 से 35 फीट तक कब्जा कर रखा है और सडक़ की जमीन पर ही श्री राम पार्क तक बना डाला है। खुद अतिक्रमण करके वे सारा ठीकरा सब्जी मंडी वालों के सिर फोड़ रहे हैं और हमें बदनाम करने की साजिश रच रहे हैं। जितना हक विकास नगर की कोठियों वालों का है, उतना ही हक हमारा भी है, हमें नजरअंदाज न किया जाए। प्रशासन से मांग है कि केवल एक पक्षीय कार्रवाई न करते हुए हमारी स्थिति को भी निष्पक्ष रूप से देखा जाए। यह 60 फीट का सार्वजनिक आम रास्ता है, इसे किसी भी सूरत में बंद नहीं किया जा सकता।
गुलशन प्रधान ने कहा कि सब्जी मंडी के पीछे 60 फीट वाले रोड पर स्थित 11 नंबर से लेकर 34 नंबर तक के शॉप-कम-फ्लैट का मुख्य रास्ता बंद कर दिया गया है। इस मनमाने कदम से दर्जनों परिवारों और व्यापारियों की आवाजाही पूरी तरह बाधित हो गई है। ऐसे में आपातकालीन स्थिति में एम्बुलेंस और दमकल कैसे पहुंच पाएगी। वही दूसरी तरफ क्षेत्र के छोटे-छोटे बच्चे स्कूल जाते हैं, लेकिन रास्ता बंद होने के चलते स्कूल वैन अंदर नहीं आ पा रही है, जिससे बच्चों की शिक्षा और सुरक्षा प्रभावित हो रही है।
स्थानीय दुकानदारों ने स्थानीय प्रशासन और नगर परिषद से अपील की है कि मौके का निष्पक्ष मुआयना किया जाए, 60 फीट सडक़ पर किए गए अवैध कब्जों की पैमाइश कराई जाए और आम जनता के लिए बंद किए गए सार्वजनिक रास्ते को तत्काल प्रभाव से सुचारू रूप से खुलवाया जाए।
Bhiwani, Bhiwani | Nov 1, 2026