जेल में बंद कैदी भी मना रहें है छठ, प्रशासन ने की विशेष व्यवस्था..
#जहानाबाद: आस्था का महापर्व छठ के अवसर पर मंडल कारा जहानाबाद में बंदियों की आस्था और श्रद्धा का पूरा सम्मान किया जा रहा है। जेल प्रशासन की ओर से प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी बंदियों के लिए छठ पूजा को लेकर व्यापक इंतजाम किए गए हैं। इस वर्ष मंडल कारा में तीन महिला बंदियों सहित कुल आठ बंदी छठ व्रत कर रहे हैं।
छठ व्रतियों के लिए अलग वार्ड की व्यवस्था की गई है। पूजा की शुद्धता और पवित्रता को ध्यान में रखते हुए सभी पूजन सामग्रियां भी उपलब्ध कराई गई हैं। जेल प्रशासन की ओर से व्रतियों को पूजा से जुड़ी सभी आवश्यक सामग्री मुहैया कराई गई है। शनिवार को खरना का प्रसाद मंडल कारा परिसर में तैयार किया गया और सभी बंदियों के बीच वितरित किया गया।
इस अवसर पर कारा अधीक्षक अजीत कुमार एवं उपाधीक्षक हेमांशु नारायण स्वयं बंदियों के बीच मौजूद रहे और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। कारा परिसर में भगवान सूर्य को अर्घ्य देने के लिए अस्थायी तालाब का निर्माण कराया गया है। इसे आकर्षक ढंग से सजाया जा रहा है।वहीं, सभी छठ व्रतियों को एक-एक जोड़ी नए कपड़े उपलब्ध कराए गए हैं। महिला बंदियों के बीच भी नए वस्त्र वितरित किए गए। कारा प्रशासन का प्रयास है कि छठ महापर्व के दौरान किसी भी व्रती को किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो। इसके लिए सभी व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी की जा रही है।
#Jehanabad #JehanabadNews #chhath #mandalkara #chhathpooja