पंचायत चुनाव में सुरक्षा के कड़े इंतजाम, कलेक्टर और एसपी ने संभाला मोर्चा; मतदान केंद्रों का लिया जायजा
करौली जिले में चल रहे पंचायत चुनाव के तहत सरपंच पद के मतदान को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और भयमुक्त माहौल में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रही है।चुनाव के मद्देनजर गुरुवार को जिला कलेक्टर एवं जिला पुलिस अधीक्षक लोकेश सोनवाल ने सुबह से ही क्षेत्र के विभिन्न संवेदनशील व सामान्य मतदान केंद्रों का खुद मौके पर पहुंचकर सघन निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था, पोलिंग बूथों की स्थिति और निर्वाचन प्रक्रिया का बारीकी से जायजा लिया।वहीं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामकुमार कस्वां भी भारी पुलिस जाप्ते के साथ लगातार फील्ड में सक्रिय रहे और मतदान केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था की कमान संभाले रखी।अधिकारियों ने ड्यूटी पर तैनात समस्त पुलिस जाप्ते और प्रशासनिक कार्मिकों को निष्पक्षता बनाए रखने तथा किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए।प्रशासन ने आमजन से लोकतंत्र के इस महापर्व में बढ़-चढ़कर भाग लेने तथा बिना किसी डर या प्रलोभन के निर्भय होकर मतदान करने की अपील की है।