नालसा सुरक्षित बचपन अभियान के तहत चयनित विद्यालयों के प्रभारी शिक्षकों हेतु प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित**
राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली एवं राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर के निर्देशानुसार तथा अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, करौली के मार्गदर्शन में दिनांक 27 नवंबर 2026 को पंचायत समिति सभागार, करौली में नालसा सुरक्षित बचपन अभियान के तहत चयनित विद्यालयों के प्रभारी शिक्षकों हेतु प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के प्रारंभ में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, करौली के सचिव प्रताप सिंह मीना द्वारा नालसा सुरक्षित बचपन अभियान के उद्देश्य, बच्चों के संरक्षण एवं सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करने में शिक्षकों की भूमिका तथा अभियान के महत्व के संबंध में जानकारी प्रदान की गई।
कार्यक्रम में विशिष्ट न्यायाधीश पॉक्सो अधिनियम, करौली बृजेश कुमार शर्मा द्वारा पॉक्सो अधिनियम के उद्देश्यों एवं महत्वपूर्ण प्रावधानों, बच्चों के विरुद्ध लैंगिक अपराधों की रोकथाम, बच्चों की पहचान एवं सुरक्षा, बच्चों से संबंधित जानकारी को आवश्यकतानुसार सीमित रखने तथा सार्वजनिक रूप से जानकारी साझा करने से बचने और बच्चों की निजता के सम्मान के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई।
इसके पश्चात साइबर थाना, करौली के हेड कांस्टेबल नरेश बैसला द्वारा सुरक्षित इंटरनेट व्यवहार, ऑनलाइन जोखिम, साइबर हमलों से सुरक्षा, निजी फोटो एवं वीडियो साझा करने से उत्पन्न जोखिम, सेक्सटॉर्शन, साइबर उत्पीड़न एवं साइबर बुलिंग से संबंधित शिकायतों तथा उपलब्ध सहायता एवं शिकायत निवारण तंत्र के संबंध में जानकारी प्रदान की गई।
कार्यक्रम में जिला परियोजना समन्वयक (समसा), करौली अमित कुमार शर्मा द्वारा विद्यालयों में जागरूकता गतिविधियों के आयोजन, विधिक साक्षरता क्लब की स्थापना एवं संचालन, विद्यार्थियों, अभिभावकों तथा शिक्षकों को संवेदनशील बनाने, हेल्पलाइन नंबरों के प्रदर्शन, बाल-अनुकूल संपर्क एवं सहायता केंद्रों के संबंध में जानकारी प्रदान की गई। साथ ही कक्षा 1 से 5 तक के विद्यार्थियों को *My Body, My Safety*, कक्षा 6 से 8 तक के विद्यार्थियों को *Know Your Rights* तथा कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों को *Know the Law, Protect Your Future* विषयों के माध्यम से जागरूक किए जाने के संबंध में जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के समापन सत्र में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, करौली के सचिव प्रताप सिंह मीना द्वारा नालसा (बच्चों के लिए बाल-अनुकूल कानूनी सेवाएं) योजना, 2024 एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की कार्यप्रणाली के संबंध में जानकारी प्रदान करते हुए उपस्थित प्रतिभागियों का धन्यवाद ज्ञापित किया गया तथा प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन किया गया।
इस अवसर पर सहायक कलक्टर, करौली प्यारेलाल सोंथवाल, करौली जिले से चयनित 50 राजकीय एवं गैर-राजकीय विद्यालयों से आए अध्यापकगण तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, करौली के कर्मचारीगण उपस्थित रहे।
Badgaon, Udaipur | Nov 27, 2026