#एडीजीपी_क्राइम_बिपिन_का_दौरा..
भरतपुर। राजस्थान के अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस (अपराध) बिपिन कुमार पाण्डेय ने भरतपुर जिले का दो दिवसीय वार्षिक निरीक्षण किया। जिला पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार मीना के नेतृत्व में पुलिस परेड ग्राउंड में एक भव्य सेरेमोनियल परेड का आयोजन किया गया, जिसकी सलामी एडीजीपी पाण्डेय ने ली और जवानों के अनुशासन व मनोबल की सराहना की। इसके बाद जिला पुलिस द्वारा विपरीत परिस्थितियों से निपटने के लिए स्क्वाड ड्रिल, नाकाबंदी डेमो और ताज होटल में फायरिंग व बैंक लूट जैसे गंभीर अपराधों पर आधारित क्राइम सीन सिमुलेशन का शानदार प्रदर्शन किया गया, जिसका उद्देश्य पुलिस की त्वरित प्रतिक्रिया और साक्ष्य संकलन क्षमता को परखना था। निरीक्षण के दौरान एडीजीपी ने रिजर्व पुलिस लाइन के शस्त्रागार, स्टोर, मैस और बैरकों की व्यवस्थाएं देखीं और 'संपर्क सभा' के माध्यम से पुलिस जवानों की समस्याओं को सुनकर उनके त्वरित निराकरण का आश्वासन दिया। इसके पश्चात पुलिस अधीक्षक कार्यालय के मीटिंग हॉल में आयोजित 'अपराध गोष्ठी' में उन्होंने जिले की कानून व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने पेंडिंग मामलों, विशेषकर महिला व अनुसूचित जाति-जनजाति अत्याचार के प्रकरणों के जल्द निस्तारण, साइबर अपराधों पर लगाम, अवैध हथियारों व शराब के खिलाफ सख्त कार्रवाई और अपराधियों की धरपकड़ के संबंध में अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। अंत में उन्होंने पुलिस अधीक्षक कार्यालय की विभिन्न शाखाओं का भ्रमण कर रिकॉर्ड प्रबंधन का भी जायजा लिया।