दिनांक 07 अक्टूबर 2026 को पुलिस अधीक्षक, भोजपुर के नेतृत्व में पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सभागार कक्ष में मासिक अपराध गोष्ठी एवं पुलिस सभा का आयोजन किया गया। बैठक में जिले के सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, पुलिस उपाधीक्षक, थानाध्यक्ष एवं संबंधित पुलिस पदाधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान जिले में अपराध नियंत्रण, विधि-व्यवस्था, लंबित कांडों के निष्पादन, मद्यनिषेध, NDPS एक्ट, वारंट एवं कुर्की-जब्ती के निष्पादन सहित आगामी दुर्गा पूजा पर्व के दौरान सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई।
1. कानून-व्यवस्था एवं अपराध नियंत्रण की समीक्षा:
पुलिस अधीक्षक द्वारा गंभीर एवं महत्वपूर्ण कांडों, विशेषकर हत्या, लूट, आर्म्स एक्ट एवं अन्य गंभीर आपराधिक मामलों की समीक्षा करते हुए इनके त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण अनुसंधान तथा शीघ्र निष्पादन हेतु सभी संबंधित पदाधिकारियों को स्पष्ट एवं कड़े निर्देश दिए गए।
माह सितम्बर 2026 में भोजपुर पुलिस द्वारा अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करते हुए 1,400 से अधिक अभियुक्तों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया है।
मद्यनिषेध एवं NDPS एक्ट के तहत विशेष अभियान चलाते हुए अवैध शराब एवं मादक पदार्थों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की गई। इस दौरान 5,700 लीटर से अधिक अवैध शराब सहित मादक पदार्थों की जब्ती की गई।
पुलिस अधीक्षक ने लंबित वारंटों एवं कुर्की-जब्ती के मामलों का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने, फरार एवं वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी हेतु विशेष अभियान चलाने तथा अपराधियों पर प्रभावी निगरानी रखने का निर्देश दिया।
सभी थानाध्यक्षों एवं अनुसंधानकर्ताओं को निर्देशित किया गया कि गंभीर कांडों के अनुसंधान में किसी भी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए तथा साक्ष्यों का वैज्ञानिक एवं तकनीकी आधार पर संकलन करते हुए मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित किया जाए।
2. आगामी दुर्गा पूजा पर्व को लेकर सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था:
आगामी दुर्गा पूजा पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं भयमुक्त वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से सभी संवेदनशील स्थलों, पूजा पंडालों एवं जुलूस मार्गों की मैपिंग एवं सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की गई।
सभी संवेदनशील स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, नियमित गश्ती एवं प्रभावी निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। असामाजिक एवं उपद्रवी तत्वों के विरुद्ध BNSS की प्रासंगिक धाराओं के तहत व्यापक निरोधात्मक कार्रवाई करने एवं शांति भंग करने वाले तत्वों पर कड़ी नजर रखने के लिए निर्देशित किया गया।
पूजा के दौरान भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों, प्रमुख बाजारों, पूजा पंडालों एवं जुलूस मार्गों पर CCTV एवं ड्रोन के माध्यम से निगरानी रखने के साथ-साथ पर्याप्त पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की जाएगी।श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सुगम यातायात व्यवस्था हेतु विशेष ट्रैफिक प्लान लागू रहेगा। यातायात के सुचारू संचालन, भीड़ नियंत्रण एवं जुलूस के निर्धारित मार्गों पर प्रभावी पुलिस व्यवस्था सुनिश्चित करने के आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए।
"भोजपुर पुलिस आपकी सेवा में सदैव तत्पर"
#HainTaiyaarHum #BiharPolice #Bihar
Bihar Police
Home Department, Govt. of Bihar
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
Arrah, Bhojpur | Oct 8, 2026