प्रेस विज्ञप्ति
गया जी। 18 अक्टूबर 2026
दुर्गा पूजा के मद्देनजर जिलाधिकारी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक ने विभिन्न पूजा पंडालों, रावण दहन एवं मूर्ति विसर्जन स्थलों का किया निरीक्षण
सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण, अग्निशमन एवं विधि-व्यवस्था संधारण को लेकर संबंधित पदाधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
दुर्गा पूजा के मद्देनजर आज जिलाधिकारी, गया श्री शशांक शुभंकर एवं वरीय पुलिस अधीक्षक, गया श्री सुशील कुमार ने अन्य वरीय पदाधिकारियों के साथ जिले के विभिन्न पूजा पंडालों, रावण दहन स्थलों एवं मूर्ति विसर्जन स्थलों का निरीक्षण किया। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण, अग्निशमन व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी, प्रवेश एवं निकास द्वार, पहुंच पथों की स्थिति तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं का जायजा लिया गया।
निरीक्षण के क्रम में रुक्मिणी सरोवर, मां मंगला गौरी मंदिर के समीप स्थित क्षेत्र, सीता कुंड तथा मुफस्सिल थाना अंतर्गत रसलपुर में रावण दहन एवं मूर्ति विसर्जन स्थलों का विशेष रूप से निरीक्षण किया गया। जिलाधिकारी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक ने संबंधित पदाधिकारियों को सभी स्थलों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित करने तथा भीड़ प्रबंधन के लिए प्रभावी व्यवस्था बनाए रखने का निर्देश दिया।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि सभी पूजा पंडालों में अग्निशमन सुरक्षा की समुचित व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी, प्रवेश एवं निकास द्वारों की उचित व्यवस्था तथा पर्याप्त साइनेज सुनिश्चित किए जाएं। पूजा पंडालों तक पहुंचने वाले रास्तों का आवश्यकतानुसार समतलीकरण कराया जाए। साथ ही, बिजली के तारों की पर्याप्त ऊंचाई सुनिश्चित करने तथा विद्युत सुरक्षा मानकों का पालन करने पर विशेष ध्यान दिया जाए, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना की आशंका को रोका जा सके।
रावण दहन स्थलों पर बैरिकेडिंग को पर्याप्त मजबूत एवं सुरक्षित रखने, दर्शकों की भीड़ को नियंत्रित करने, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था तथा प्रभावी पब्लिक एड्रेस सिस्टम की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। संबंधित पदाधिकारियों को कार्यक्रम स्थलों पर सुरक्षा मानकों का सख्ती से अनुपालन कराने को कहा गया, ताकि आयोजन शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न हो सके।
मूर्ति विसर्जन स्थलों के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि प्रत्येक निर्धारित विसर्जन स्थल पर गोताखोरों की अनिवार्य रूप से प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित की जाए। इसके अतिरिक्त, विसर्जन स्थलों पर पर्याप्त रोशनी के लिए जनरेटर सहित हैलोजन लाइट की व्यवस्था रखने तथा भीड़ को आवश्यक दिशा-निर्देश देने के लिए पब्लिक एड्रेस सिस्टम उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया। संबंधित पदाधिकारियों को विसर्जन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया।
दुर्गा पूजा के मद्देनजर जिलाधिकारी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक ने जिले में विधि-व्यवस्था की स्थिति की भी समीक्षा की। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने, संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखने तथा भीड़ नियंत्रण एवं सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने का निर्देश दिया।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि विभिन्न स्थलों पर प्रतिनियुक्त सभी दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी अपने-अपने निर्धारित ड्यूटी स्थलों पर पूरी निष्ठा, तत्परता एवं जिम्मेदारी के साथ तैनात रहें। सभी पदाधिकारी अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी सतर्कता से करें, ताकि दुर्गा पूजा, रावण दहन एवं मूर्ति विसर्जन के सभी कार्यक्रम शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराए जा सकें।
GAYA Police CMO Bihar Samrat Choudhary DD News Bihar Information & Public Relations Department, Government of Bihar All India Radio News Home Department, Govt. of Bihar
#festiveseason #LawAndOrder #gaya #bihar
2 views | Gaya, Bihar | Oct 18, 2026