दिनदहाड़े कार फूंकने की वारदात: ग्वालियर में खड़ी ब्रेजा पर पेट्रोल छिड़ककर लगाई आग...
ग्वालियर के नाका चंद्रवदनी माता रोड इलाके में एक खड़ी कार में आग लगाने की वारदात सामने आई है। नाका चंद्रवदनी निवासी पीड़ित अशोक कुशवाह के मुताबिक, 19 नवंबर को दोपहर करीब 12 से 12:30 बजे के बीच प्रेम कुशवाह नाम के युवक ने उनकी घर के बाहर खड़ी ब्रेजा कार (MP06 CA 9826) पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। आग की लपटों से गाड़ी की सीट जल गई और कांच फूट गए, जिससे वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसकी फुटेज लेकर पीड़ित ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पीड़ित ने पुलिस से आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने और नुकसान की भरपाई कराने की मांग की है, जिसके बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।