ग्वालियर में आवारा सांडों का तांडव: आधी रात को कार के बोनट पर चढ़ा सांड, कई गाड़ियां चकनाचूर...
ग्वालियर के हजीरा स्थित प्रगति नगर में शनिवार देर रात करीब 12 बजे आवारा सांडों के झुंड ने जमकर उत्पात मचाते हुए पूरी कॉलोनी में दहशत फैला दी। आपसी लड़ाई के दौरान बेकाबू हुए एक सांड ने जान बचाने के चक्कर में गली में खड़ी कार के ऊपर छलांग लगा दी, जिससे गाड़ी का बोनट और छत बुरी तरह पिचक गए, वहीं झुंड ने अन्य कई वाहनों को भी टक्कर मारकर क्षतिग्रस्त कर दिया। इस खौफनाक मंजर के बीच वहां से गुजर रहे दो युवक भी सांडों की चपेट में आने से बाल-बाल बचे। स्थानीय लोगों के मुताबिक, घरों के बाहर फेंके जाने वाले बचे हुए खाने के कारण रात में मवेशियों का जमावड़ा लगा रहता है, जिससे लोगों का बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। बहरहाल, कॉलोनीवासियों की शिकायत के बाद रविवार सुबह से नगर निगम की टीम ने इलाके में उत्पाती सांडों को पकड़ने का अभियान शुरू कर दिया है।