अवैध खनिज परिवहन पर प्रशासन का बड़ा एक्शन, रातभर चले अभियान में 16 ट्रक सीज
राम चन्द्र राजपूत जालौन
जिला संवाददाता bbn 7
कालपी और कदौरा क्षेत्र में प्रशासन की संयुक्त टीम ने की छापेमारी, बिना रॉयल्टी और ओवरलोडिंग के मामलों में हुई कार्रवाई; वाहन संचालकों में मचा हड़कंप
जालौन। जनपद में अवैध खनन और खनिजों के अवैध परिवहन पर रोक लगाने के लिए जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। जिलाधिकारी समीर के निर्देश पर कालपी और कदौरा क्षेत्र में चलाए गए विशेष रात्रिकालीन चेकिंग अभियान में प्रशासन की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 16 ट्रकों को सीज कर दिया।
अभियान के दौरान उपजिलाधिकारी कालपी, क्षेत्राधिकारी कालपी और खनन विभाग की संयुक्त टीम ने विभिन्न मार्गों पर खनिज परिवहन में लगे वाहनों की सघन जांच की। देर रात तक चले इस अभियान में बिना रॉयल्टी खनिज परिवहन, ओवरलोडिंग और अन्य अनियमितताएं पाए जाने पर 16 ट्रकों को सीज कर नियमानुसार कार्रवाई की गई।
प्रशासन की इस अचानक कार्रवाई से अवैध खनिज परिवहन में संलिप्त वाहन संचालकों में हड़कंप मच गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि बिना रॉयल्टी खनिज ले जाने, निर्धारित क्षमता से अधिक भार ढोने और नियमों का उल्लंघन कर सरकारी राजस्व को नुकसान पहुंचाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
जिलाधिकारी समीर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि जनपद में अवैध खनन और खनिजों के अवैध परिवहन पर लगातार निगरानी रखी जाए। इसके लिए नियमित चेकिंग के साथ-साथ आकस्मिक रात्रिकालीन अभियान भी चलाए जाएं, ताकि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित हो सके।
Jalaun, Jalaun | Nov 15, 2026