🔸सिंहस्थ 2028 के निर्माण कार्यों की टाइमलाइन का विशेष ध्यान रखा जाए- संभागायुक्त श्री सिंह*
🔸संभागायुक्त ने सिंहस्थ निर्माण कार्यों की समीक्षा की*
उज्जैन, 12 नवंबर। सिंहस्थ 2028 के जिन निर्माण कार्यों की टाइमलाइन 31 दिसंबर निर्धारित है, उनको हर स्थिति में निर्धारित तिथि तक पूर्ण किया जाना है। यदि इन कार्यों के पूर्ण होने में कोई रुकावट आती है तो संबंधित इंजीनियर इसके लिए जिम्मेदार होंगे। इसी तरह जिन निर्माण कार्यों की टाइमलाइन मार्च से लेकर जून 2027 तक है, वे निर्माण कार्य भी समय पर पूरे हों, इसका ध्यान रखा जाए। संभागायुक्त एवं सिंहस्थ मेला अधिकारी श्री आशीष सिंह ने यह निर्देश आज सिंहस्थ निर्माण कार्यों की समीक्षा बैठक में दिए।
सड़कों के निर्माण कार्य में आ रही अंतरविभागीय बाधा दूर करने के लिए समन्वय के लिए संभागायुक्त ने अपर मेला अधिकारी श्री ओम प्रकाश सनोडिया को जिम्मेदारी सौंपते हुए कहा कि वे नगर निगम एवं लोक निर्माण तथा सेतु निगम के अधिकारियों के बीच सड़कों के निर्माण में सीवरेज एवं पाइपलाइन की शिफ्टिंग की बाधा दूर करने के लिए दोनों विभागों के बीच डे-टू-डे समन्वय करें। बैठक में सड़कों के निर्माण के दौरान गुमटियां हटाने, अतिक्रमण हटाने आदि के कार्य के लिए भी नगर निगम में एक अधिकारी की विशेष रूप से नियुक्ति करने तथा नियुक्त अधिकारी से संबंधित निर्माण एजेंसियों के कार्यपालन यंत्रियों को समन्वय एवं संपर्क बनाने के निर्देश दिए गए हैं। संभागायुक्त ने स्पष्ट रूप से कहा है कि नगर निगम एवं निर्माण एजेंसियों के बीच समन्वय को लेकर कोई समस्या या शिकायत समीक्षा बैठक में न आए, यह सुनिश्चित किया जाए। मौके पर ही बाधाओं को दूर किया जाए।
बैठक में संभागायुक्त ने यूडीए द्वारा किए जाने वाले विभिन्न कार्य जिनमें शंकराचार्य चौराहा से दत्त अखाड़ा होकर उजड़खेड़ा हनुमान तक सीमेंट कंक्रीट रोड बनाना। शहर के विभिन्न प्रवेश मार्गों पर स्वागत द्वार बनाना, नए सिंहस्थ मेला कार्यालय की प्रगति तथा शनि मंदिर से जीवनखेड़ी तक के मार्ग के निर्माण के बारे में जानकारी ली तथा निर्देश दिए कि इन कार्यों को मार्च 2027 के पहले पूर्ण किया जाए। संभागायुक्त ने सिंहस्थ के लिए किए जाने वाले अस्थायी निर्माण कार्य जिनमें टेंट सिटी, अधिकारी कर्मचारियों के लिए डॉर्मेट्री, टूरिस्ट के लिए ठहरने की व्यवस्था आदि के टेंडर फाइनल करने के निर्देश दिए हैं।
बैठक में जानकारी दी गई कि नगर निगम द्वारा किए जा रहे विभिन्न कार्यों में से 18 निर्माण कार्य 31 दिसंबर 2027 से पहले पूर्ण हो जाएंगे। संभागायुक्त ने सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट, सिंहस्थ के दौरान शिप्रा नदी के विभिन्न घाटों पर वाटर क्वालिटी मैनेजमेंट कार्य की टेंडरिंग में तेजी लाने के लिए कहा है।
बैठक में कलेक्टर श्री रौशन कुमार सिंह, नगर निगम आयुक्त श्री अभिलाष मिश्रा, स्मार्ट सिटी सीईओ डॉ. नेहा जैन, यूडीए सीईओ श्री संदीप सोनी, अपर मेला अधिकारी श्री ओम प्रकाश सनोडिया, उप मेला अधिकारी श्री संदीप सिंह सहित संबंधित विभागीय अधिकारी मौजूद थे।
CM Madhya Pradesh Jansampark Madhya Pradesh Simhasth2028 JDjansampark Ujjain Ujjain Commissioner SmartCity