बिना टोकन-रसीद खुफिया गेट से निकल रही डीएपी
1350 की बोरी 1500 में देने का किसानों ने लगाए आरोप
छतरपुर। सटई रोड स्थित कृषि उपज मंडी के डीएपी गोदाम से खाद वितरण को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। आरोप है कि, गोदाम के एक खुफिया गेट से बिना टोकन और रसीद के डीएपी की बोरियां निकाली जाती हैं। बताया जा रहा है कि, यह शटर तभी खोला जाता है, जब बिना टोकन खाद बाहर निकालनी होती है। ऐसे में गोदाम की निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं। इतने बड़े गोदाम में सीसीटीवी कैमरे नहीं लगाए गए हैं।
सूत्रों के अनुसार, किसानों को 1350 रुपए कीमत वाली डीएपी आईपीएल की बोरी 1500 रुपए में गोदाम प्रभारी के द्वारा बेची गई हैं। जिसकी रिकॉर्डिंग भी किसानों के पास उपलब्ध है। अतिरिक्त राशि लिए जाने के आरोपों के बावजूद जांच में गोदाम प्रभारी को क्लीन चिट दिए जाने की बात सामने आ रही है। इससे जांच प्रक्रिया की निष्पक्षता पर भी सवाल उठ रहे हैं। किसानों का कहना है कि, पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए। साथ ही यह भी स्पष्ट किया जाए कि, निर्धारित कीमत से अधिक राशि लेने की शिकायतों पर अब तक क्या कार्रवाई हुई है। आखिर गोदाम प्रभारी सूर्य प्रताप सिंह चंदेल पर क्यों मेहरबान हैं जिले के अधिकारी।