#उ०_मा०_वि_धरहरा का डीएम ने किया औचक निरीक्षण, 27 में सिर्फ दो बच्चे मिले उपस्थित
स्कूल में बच्चों की गैरहाजिरी पर भड़के डीएम, तीन शिक्षकों को शोकॉज नोटिस
पठन-पाठन में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, डीएम ने शिक्षकों को दी सख्त हिदायत
बलिया। जिलाधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह ने उच्च माध्यमिक विद्यालय धरहरा का औचक निरीक्षण कर विद्यालय में पठन-पाठन की व्यवस्था का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान विद्यालय में बच्चों की बेहद कम उपस्थिति देखकर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई। विद्यालय में कुल 27 बच्चों का पंजीकरण पाया गया, जबकि मौके पर मात्र दो बच्चे ही पढ़ते हुए मिले। बच्चों की इतनी कम उपस्थिति पर जिलाधिकारी ने प्रधानाध्यापक को कड़ी फटकार लगाई। साथ ही विद्यालय में तैनात प्रभारी प्रधानाध्यापिका रीना चौरसिया, वंदना पाण्डेय और बब्बन पाण्डेय को शोकॉज नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने शिक्षकों को निर्देशित किया कि वे सभी विद्यार्थियों के अभिभावकों से व्यक्तिगत रूप से संपर्क करें और बच्चों को प्रतिदिन विद्यालय भेजने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि विद्यालय में बच्चों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करना शिक्षकों की जिम्मेदारी है। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने बच्चों के लिए तैयार किए जा रहे मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता और व्यवस्था के संबंध में रसोई कर्मचारी से भी जानकारी ली। इसके अलावा जिलाधिकारी ने शिक्षकों को मतदाता सूची से संबंधित महत्वपूर्ण निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि बच्चों के सभी अभिभावकों से संपर्क कर यह जानकारी लें कि जिनका नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं है, उनका निर्धारित फार्म अवश्य भरवाया जाए, ताकि पात्र लोगों का नाम मतदाता सूची में शामिल हो सके।
जिलाधिकारी ने विद्यालय में शैक्षणिक व्यवस्था को बेहतर बनाने और बच्चों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।