➡️ महर्षि अरविंद जयंती पर राष्ट्रवाद, शिक्षा और आध्यात्मिक चेतना पर हुआ मंथन
मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद, जिला बैतूल द्वारा महर्षि अरविंद जयंती के अवसर पर भारत भारती आवासीय विद्यालय बैतूल में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद प्रदेश उपाध्यक्ष श्री मोहन नागर, शासी निकाय सदस्य, मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद श्री बुधपाल सिंह ठाकुर तथा संभाग समन्वयक, मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद श्री कौशलेंद्र तिवारी ने अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम में परामर्शदाता एवं नवांकुर के लगभग 100 प्रतिनिधियों ने सहभागिता की।
मुख्य अतिथि उपाध्यक्ष श्री मोहन नागर ने अपने उद्बोधन में महर्षि अरविंद के जीवन, राष्ट्रवाद एवं राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान पर प्रकाश डालते हुए कहा कि महर्षि अरविंद ने भारत की स्वतंत्रता को केवल राजनीतिक स्वतंत्रता के रूप में नहीं देखा, बल्कि इसे भारत के सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक पुनर्जागरण से जोड़ा। उन्होंने युवाओं में राष्ट्रभाव, आत्मविश्वास और मातृभूमि के प्रति समर्पण की भावना जागृत करने का कार्य किया। आज आवश्यकता है कि महर्षि अरविंद के विचारों को नई पीढ़ी तक पहुंचाया जाए।
श्री बुधपाल सिंह ठाकुर ने कहा कि महर्षि अरविंद का जीवन राष्ट्रभक्ति, त्याग, साधना और आध्यात्मिक चेतना का अद्भुत संगम है। उन्होंने शिक्षा को केवल रोजगार प्राप्त करने का माध्यम न मानकर व्यक्ति के सर्वांगीण विकास का साधन माना। उनके विचार आज की युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणादायी हैं तथा समाज में सकारात्मक परिवर्तन के लिए मार्गदर्शन प्रदान करते हैं।
श्री कौशलेंद्र तिवारी ने महर्षि अरविंद की शिक्षा एवं आध्यात्मिक चिंतन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उनकी समग्र शिक्षा की अवधारणा शरीर, मन, बुद्धि और आत्मा के संतुलित विकास पर आधारित थी। व्यक्ति के भीतर छिपी प्रतिभा और चेतना को जागृत करना ही वास्तविक शिक्षा का उद्देश्य है। महर्षि अरविंद का दर्शन आज भी शिक्षा और समाज निर्माण के क्षेत्र में अत्यंत प्रासंगिक है।
➡️ द्वितीय सत्र में आर्ट ऑफ लिविंग द्वारा योग, ध्यान एवं ज्ञान सत्र
कार्यक्रम के द्वितीय सत्र में आर्ट ऑफ लिविंग संस्था द्वारा योग, ध्यान एवं ज्ञान सत्र आयोजित किया गया। आर्ट ऑफ लिविंग की शिक्षिका श्रीमती जयश्री शाह, श्रीमती भानुप्रिया भावसार एवं श्री पुष्पराज प्रजापति ने उपस्थित प्रतिभागियों को योग एवं मेडिटेशन के विभिन्न अभ्यास करवाए तथा ध्यान एवं ज्ञान की विभिन्न अवस्थाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। प्रशिक्षकों ने ध्यान एवं योग के माध्यम से मन को शांत रखने, सकारात्मक ऊर्जा का संचार करने, एकाग्रता बढ़ाने तथा आंतरिक चेतना को जागृत करने के अभ्यास करवाए। प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक योग एवं मेडिटेशन में सहभागिता की। इस सत्र के माध्यम से उपस्थित प्रतिनिधियों ने आत्मचिंतन, मानसिक शांति और सकारात्मक जीवनशैली के महत्व को समझा।
कार्यक्रम का संचालन मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक श्री संतोष सिंह राजपूत द्वारा किया गया। कार्यक्रम में मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के पदाधिकारी, परामर्शदाता, नवांकुर प्रतिनिधि एवं अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों, आर्ट ऑफ लिविंग के प्रशिक्षकों, परामर्शदाताओं, नवांकुर प्रतिनिधियों एवं आयोजन को सफल बनाने में सहयोग करने वाले सभी सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।
Jansampark Madhya Pradesh
Department of Planning, Economics & Statistics, MP
#JansamparkMP
#बैतूल
#betul
46 views | Betul, Madhya Pradesh | Aug 21, 2026