जल संरक्षण एवं भू-जल स्तर बढ़ाने के उद्देश्य से नदी पर शुरू हुआ बोरी बंधान अभियान
आदर्श ग्राम पलकटोरी में बोरी बंधान का कार्य प्रारंभ
--
मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद, विकासखंड अशोकनगर की नवांकुर संस्था उन्नति जन कल्याण सेवा समिति एवं ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति पलकटोरी के संयुक्त तत्वावधान में आदर्श ग्राम पलकटोरी स्थित नदी पर बोरी बंधान का कार्य प्रारंभ किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि ग्वालियर चंबल संभाग प्रभारी श्री अमिताभ श्रीवास्तव ने जल संरक्षण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि बोरी बंधान जैसे प्रयासों से वर्षा जल को रोकने, भू-जल स्तर बढ़ाने तथा जल संकट को कम करने में महत्वपूर्ण मदद मिलती है। उन्होंने ग्रामीणों से जल संरक्षण के कार्यों में सक्रिय सहभागिता निभाने की अपील की।
इस अवसर पर जिला समन्वयक श्री बद्री प्रसाद चौहान, विकासखंड समन्वयक श्री मनोज यादव, उन्नति जन कल्याण सेवा समिति के अध्यक्ष श्री सुनील कुमार सेन, मेंटर्स श्री गणेशराम अहिरवार ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति एवं उज्ज्वल विकास सेवा समिति के अध्यक्ष श्री प्रहलाद सिंह कुशवाह, सचिव श्री जय सिंह कुशवाह, मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास पाठ्यक्रम के छात्र श्री प्रद्युम्न कुशवाह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के माध्यम से ग्रामीणों ने जल संरक्षण एवं संवर्धन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त करते हुए श्रमदान के साथ बोरी बंधान कार्य में सहभागिता की। यह पहल गांव में जल स्तर बढ़ाने और प्राकृतिक जल स्रोतों के संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
#ashoknagar
Ashok Nagar, Madhya Pradesh | Nov 12, 2026