कांवड़ यात्रियों की सेवा में 10 अगस्त को मितांश फाउंडेशन का भंडारा व चिकित्सा शिविर
बस्ती। दिनेश कुमार पाण्डेय संवाददाता।पवित्र सावन मास में कांवड़ यात्रियों की सेवा के उद्देश्य से मितांश फाउंडेशन ऑफ इंडिया द्वारा सोमवार, 10 अगस्त 2026 को भंडारे के साथ चिकित्सा एवं स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम पीडीआईडी इंटर कॉलेज, बेलगड़ी, बस्ती में दोपहर 3 बजे से आयोजित होगा।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डीआईजी बस्ती रेंज संजीव त्यागी होंगे। विशिष्ट अतिथियों में जिलाधिकारी बस्ती श्रीमती कृतिका ज्योत्सना, पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह, अपर जिलाधिकारी ज्ञान चन्द्र गुप्ता, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजीव निगम तथा क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. नागेंद्र कुमार शामिल होंगे।
आयोजकों के अनुसार सावन में कांवड़ यात्रियों की सेवा को ध्यान में रखते हुए भंडारे एवं चिकित्सा-स्वास्थ्य शिविर के माध्यम से श्रद्धालुओं को आवश्यक सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। उपज के प्रदेश सचिव एवं वरिष्ठ पत्रकार जयंत कुमार मिश्र ने सभी शिवभक्त कांवड़ियों एवं पत्रकारों से कार्यक्रम में पहुंचकर प्रसाद एवं भंडारे में शामिल होने की अपील की है।
कार्यक्रम के आयोजक एवं मितांश फाउंडेशन ऑफ इंडिया के संस्थापक राजेश नारायण मिश्र ने भी लोगों से कार्यक्रम में शामिल होकर चिकित्सा शिविर एवं भंडारे का लाभ उठाने की अपील की।
Basti, Basti | Aug 9, 2026