*बस्ती शहर में निकली भव्य तिरंगा यात्रा, "वंदे भारत" की गूंज से गूंजा पूरा शहर*
*जनपद बस्ती ,उत्तर प्रदेश 13 अगस्त 2026*
बस्ती : "हर घर तिरंगा अभियान-2026" के अंतर्गत गुरुवार को जनपद में भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। "वंदे भारत" की भावना को समर्पित यह यात्रा राजकीय इंटर कॉलेज से प्रारंभ होकर गांधी नगर होते हुए कंपनी बाग पर संपन्न हुई।
यात्रा की अध्यक्षता जिलाधिकारी बस्ती कृत्तिका ज्योत्स्ना ने की। कार्यक्रम का शुभारंभ राजकीय इंटर कॉलेज परिसर में सामूहिक वंदे मातरम और राष्ट्रगान के साथ हुआ। इसके बाद उपस्थित लोगों ने तिरंगे के प्रति सम्मान और राष्ट्र के प्रति समर्पण का संकल्प लिया।
हाथों में तिरंगा लेकर छात्र-छात्राओं, शिक्षकों, अधिकारियों और आम नागरिकों ने देशभक्ति के नारों के साथ यात्रा में भाग लिया। यात्रा के दौरान छात्राओं द्वारा एक विशाल तिरंगा भी ले जाया गया जो आकर्षण का केंद्र रहा। मार्ग में नागरिकों ने जगह-जगह पुष्प वर्षा कर यात्रा का स्वागत किया।
जिलाधिकारी कृत्तिका ज्योत्स्ना ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। हर घर तिरंगा अभियान नागरिकों को राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और राष्ट्र के प्रति गौरव की भावना से जोड़ने का माध्यम है। ऐसे आयोजन नई पीढ़ी में देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करते हैं।
उन्होंने जनपदवासियों से अपील की कि स्वतंत्रता दिवस पर अपने घरों और प्रतिष्ठानों पर सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराएं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय पर्व केवल उत्सव नहीं, बल्कि देश के प्रति कर्तव्यों को याद करने का अवसर भी है।
तिरंगा यात्रा में मुख्य विकास अधिकारी सार्थक अग्रवाल, मुख्य राजस्व अधिकारी कीर्ति प्रकाश भारती, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजीव निगम, जिला विकास अधिकारी सुशील कुमार श्रीवास्तव, ईओ नगर पालिका अंगद गुप्ता, डीआईओएस संजय सिंह, बीएसए अनूप कुमार तिवारी सहित जनपद स्तरीय अधिकारीगण, शिक्षक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं शामिल रहे।
पूरे मार्ग में "भारत माता की जय" और "वंदे मातरम" के नारों से माहौल देशभक्ति से ओत-प्रोत रहा।
*संवाददाता हरी ओम प्रकाश*
*राष्ट्रीय हिंदी दैनिक कौटिल्य का भारत*
Basti, Basti | Aug 13, 2026