*डीएम ने विक्रमजोत-धुसवा तटबंध पर कटान का किया निरीक्षण, सुरक्षा को दी सर्वोच्च प्राथमिकता*
*जनपद बस्ती उत्तर प्रदेश 13 अगस्त 2026*
बस्ती : जिलाधिकारी कृत्तिका ज्योत्स्ना ने बुधवार को विक्रमजोत-धुसवा तटबंध के किमी 9.510 से 9.900 के मध्य हो रहे कटान का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर पहुंचकर तटबंध की स्थिति का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों से सुरक्षात्मक कार्यों की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने तटबंध की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कटान प्रभावित स्थानों पर लगातार निगरानी रखी जाए। जलस्तर और नदी की धारा में होने वाले परिवर्तन पर सतर्क दृष्टि रखते हुए आवश्यकता के अनुसार तत्काल सुरक्षात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि तटबंध को किसी प्रकार की क्षति न पहुंचे।
अधिशासी अभियन्ता बाढ़ खंड दिनेश कुमार ने बताया कि कटान प्रभावित क्षेत्र में लगातार प्रोटेक्शन वर्क कराया जा रहा है। विभागीय टीम द्वारा मौके पर आवश्यक संसाधन और सामग्री उपलब्ध कराकर तटबंध की सुरक्षा के लिए प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं। लगातार हो रहे सुरक्षात्मक कार्यों के कारण वर्तमान में तटबंध सुरक्षित है।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रोटेक्शन वर्क में किसी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए और कार्य की गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने मौके पर तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों को पूरी तत्परता से कार्य करने और किसी भी आकस्मिक स्थिति की सूचना तत्काल उच्चाधिकारियों को देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रशासन और बाढ़ खंड की टीम तटबंध की सुरक्षा को लेकर पूरी तरह सतर्क है। कटान की स्थिति पर निरंतर निगरानी रखी जा रही है और आवश्यकता पड़ने पर सुरक्षात्मक कार्यों को और तेज किया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी उमाकान्त तिवारी, अधिशासी अभियन्ता बाढ़ दिनेश कुमार सहित संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
*संवाददाता हरी ओम प्रकाश*
*राष्ट्रीय हिंदी दैनिक कौटिल्य का भारत*
Basti, Basti | Aug 13, 2026