🚨यमकेश्वर में कांग्रेस संगठन को मजबूत करने की कवायद तेज, विधानसभा प्रभारी गौरव अग्रवाल का हुआ जोरदार स्वागत
यमकेश्वर। आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों की तैयारियों और कांग्रेस को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाने के उद्देश्य से यमकेश्वर विधानसभा में संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई। इस दौरान विधानसभा प्रभारी गौरव अग्रवाल के यमकेश्वर पहुंचने पर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष विकास नेगी ने उनका गर्मजोशी से स्वागत एवं अभिनंदन किया।
जिला अध्यक्ष विकास नेगी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में यमकेश्वर विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस संगठन की मौजूदा स्थिति, कार्यकर्ताओं की सक्रियता और पार्टी की आगामी रणनीति पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में विधानसभा प्रभारी गौरव अग्रवाल ने कार्यकर्ताओं से संगठन की मजबूती के लिए एकजुट होकर काम करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पार्टी को बूथ और गांव स्तर तक मजबूत बनाने के साथ ही आम जनता के बीच लगातार संपर्क बनाए रखना जरूरी है।
वहीं, जिला अध्यक्ष विकास नेगी ने कहा कि संगठन को नई मजबूती देने के लिए सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को आपसी तालमेल के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करना होगा। उन्होंने संगठन की मजबूती को प्राथमिकता बताते हुए प्रत्येक कार्यकर्ता की सक्रिय भूमिका को अहम बताया।
इस दौरान पूर्व जिला अध्यक्ष विनोद डबराल, पूर्व जिला पंचायत सदस्य एवं कांग्रेस नेता भुवनेश खरकवाल, नगर अध्यक्ष नितेश ठाकुर, ब्लॉक अध्यक्ष राजीव जखमोला, अनिल लतूड़ी, संजय तोमर, जिला महासचिव कीर्ति सिंह बिष्ट, राकेश रावत समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
बैठक के अंत में सभी कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस संगठन को मजबूत बनाने और पार्टी की नीतियों एवं गतिविधियों को विधानसभा के प्रत्येक क्षेत्र तक पहुंचाने के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया।