बाड़मेर: फीस वृद्धि के खिलाफ ABVP का हल्ला-बोल, कुलगुरु को भेजा ज्ञापन
बाड़मेर।जय नारायण व्यास विश्वविद्यालय (जेएनवीयू), जोधपुर द्वारा परीक्षा शुल्क में की गई अत्यधिक और अव्यावहारिक वृद्धि के खिलाफ अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) बाड़मेर इकाई ने बुधवार को जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, बाड़मेर के प्राचार्य के मार्फत कुलगुरु महोदय को ज्ञापन सौंपकर बढ़ी हुई फीस को तत्काल वापस लेने की मांग की।
नगर मंत्री महिपाल सिंह राठौड़ ने बताया कि विद्यार्थी परिषद का कहना है कि जेएनवीयू में परीक्षा शुल्क प्रदेश के अन्य सरकारी विश्वविद्यालयों के मुकाबले लगभग तीन गुना तक महंगा हो गया है। विश्वविद्यालय ने एक सेमेस्टर का परीक्षा शुल्क बढ़ाकर 2,970 रुपये और सालाना शुल्क 5,940 रुपये कर दिया है। जबकि बीकानेर विश्वविद्यालय में एक सेमेस्टर का शुल्क मात्र 700 रुपये है। पिछले तीन वर्षों में परीक्षा शुल्क में लगभग 393 प्रतिशत की भारी वृद्धि हुई है, जिससे सीधे तौर पर विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों पर आर्थिक बोझ बढ़ गया है।
ज्ञापन में बताया गया कि परीक्षा शुल्क के साथ-साथ अतिरिक्त शुल्क भी वसूले जा रहे हैं। डाटा हैंडलिंग के नाम पर 550 रुपये और ऑनलाइन फॉर्म फीस के नाम पर 450 रुपये अलग से जोड़े जा रहे हैं, जो पूरी तरह अनुचित है। साथ ही दीपावली अवकाश के बीच ही परीक्षा आवेदन की अंतिम तिथि 7 नवंबर निर्धारित किए जाने और वेबसाइट की तकनीकी समस्याओं के कारण विद्यार्थियों को फॉर्म भरने में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
ABVP ने अपनी तीन प्रमुख मांगें रखीं। पहली, बढ़ाई गई अत्यधिक परीक्षा फीस को तत्काल प्रभाव से कम किया जाए तथा इसे प्रदेश के अन्य सरकारी विश्वविद्यालयों के समकक्ष लाया जाए। दूसरी, परीक्षा शुल्क के नाम पर वसूले जा रहे अतिरिक्त शुल्कों को तुरंत हटाया जाए। तीसरी, दीपावली अवकाश, वेबसाइट की तकनीकी खामियों और बढ़े हुए शुल्क के विरोध को देखते हुए परीक्षा फॉर्म भरने की अंतिम तिथि में कम से कम 7 से 10 दिनों की वृद्धि की जाए।
परिषद के कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि छात्र हितों को सर्वोपरि रखते हुए इन मांगों पर तत्काल सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया, तो ABVP को विद्यार्थियों के हितों की रक्षा के लिए उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होना पड़ेगा।
@all
Barmer, Barmer | Nov 5, 2026