➡️ न्यायोत्सव के तहत जिला न्यायालय परिसर में विधिक जागरूकता प्रदर्शनी आयोजित
➡️ निःशुल्क विधिक सहायता, महिलाओं, बच्चों, वरिष्ठ नागरिकों एवं वंचित वर्गों के अधिकारों की दी जा रही जानकारी
आमजन को उनके विधिक अधिकारों, निःशुल्क विधिक सहायता एवं विभिन्न विधिक सेवा योजनाओं के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बैतूल द्वारा “न्यायोत्सवः विधिक सेवा सप्ताह-2026” के अंतर्गत जिला न्यायालय परिसर में विधिक जागरूकता प्रदर्शनी आयोजित की गई। प्रदर्शनी का शुभारंभ शुक्रवार को प्रातः 10:30 बजे प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री दिनेश चंद्र थपलियाल द्वारा किया गया।
प्रदर्शनी में राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों से संबंधित फ्लेक्स, बैनर और सूचना सामग्री प्रदर्शित की गई है। इनके माध्यम से नागरिकों को सरल भाषा में विधिक अधिकारों, निःशुल्क विधिक सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया तथा विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी जा रही है।
प्रदर्शनी में महिलाओं, बच्चों, वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगजनों, अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति वर्ग, श्रमिकों, आपदा पीड़ितों तथा मानव तस्करी से पीड़ित व्यक्तियों के लिए उपलब्ध विधिक सेवाओं को प्रमुखता से प्रदर्शित किया गया है। साथ ही कमजोर एवं वंचित वर्गों के लिए निःशुल्क और सक्षम विधिक सहायता से संबंधित जानकारी भी दी जा रही है।
इसके अतिरिक्त लोक अदालत, स्थायी लोक अदालत, मध्यस्थता एवं विवादों के वैकल्पिक समाधान की प्रक्रिया के माध्यम से प्रकरणों का शीघ्र एवं आपसी सहमति से निराकरण किए जाने के संबंध में भी जानकारी दी गई है। प्रदर्शनी का न्यायाधीशगण, अधिवक्तागण, न्यायिक अधिकारी एवं कर्मचारी, पक्षकार तथा आम नागरिक उत्साहपूर्वक अवलोकन कर रहे हैं। प्रदर्शनी के माध्यम से लोगों को विधिक सहायता प्राप्त करने की पात्रता, प्रक्रिया और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा उपलब्ध कराई जाने वाली सेवाओं से अवगत कराया जा रहा है।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बैतूल द्वारा जरूरतमंद एवं पात्र व्यक्तियों को निःशुल्क विधिक सहायता उपलब्ध कराने के साथ ही विधिक जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से समाज के अंतिम व्यक्ति तक न्याय की पहुंच सुनिश्चित करने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। प्रदर्शनी का उद्देश्य आर्थिक एवं सामाजिक परिस्थितियों के कारण किसी भी व्यक्ति को न्याय से वंचित न रहने देना तथा “न्याय सबके लिए” की भावना को जन-जन तक पहुंचाना है।
Jansampark Madhya Pradesh
Department of Law & Legislative Affairs, Madhya Pradesh
#JansamparkMP
#बैतूल
#betul
Betul, Madhya Pradesh | Nov 20, 2026