➡️ न्यायोत्सव : विधिक सेवा सप्ताह के तहत निकाली गई विधिक जन-जागरूकता बाइक रैली
➡️ प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने हरी झंडी दिखाकर रैली को किया रवाना, आमजन को निःशुल्क विधिक सहायता एवं अधिकारों के प्रति किया जागरूक
न्यायोत्सव : विधिक सेवा सप्ताह-2026 के अंतर्गत आमजन को उनके विधिक अधिकारों एवं निःशुल्क विधिक सेवाओं के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से शुक्रवार को प्रातः 7:30 बजे जिला न्यायालय परिसर बैतूल से विधिक जन-जागरूकता बाइक रैली निकाली गई। रैली को प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री दिनेश चंद्र थपलियाल ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
रैली में मुख्यालय पर पदस्थ समस्त न्यायाधीशगण, अधिवक्तागण, न्यायिक अधिकारी एवं कर्मचारी तथा पैरालीगल वॉलेंटियर्स ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। रैली के माध्यम से आम नागरिकों को उनके विधिक अधिकारों, कर्तव्यों तथा उपलब्ध निःशुल्क विधिक सहायता के संबंध में जागरूकता का संदेश दिया गया।
रैली के दौरान प्रतिभागियों ने आमजन को संदेश दिया कि प्रत्येक व्यक्ति को न्याय प्राप्त करने का समान अधिकार है तथा आर्थिक अथवा अन्य किसी कारण से कोई भी व्यक्ति न्याय से वंचित नहीं रहना चाहिए। जरूरतमंद व्यक्तियों को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के माध्यम से उपलब्ध निःशुल्क विधिक सहायता एवं विधिक परामर्श की जानकारी भी दी गई।
इस दौरान विशेष रूप से महिलाओं, बच्चों, वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगजनों, श्रमिकों, आर्थिक रूप से कमजोर एवं समाज के वंचित वर्गों को उनके विधिक अधिकारों के प्रति जागरूक करने पर जोर दिया गया। साथ ही लोक अदालत, मध्यस्थता, निःशुल्क विधिक सहायता तथा विवादों के वैकल्पिक समाधान जैसे महत्वपूर्ण माध्यमों की जानकारी आमजन तक पहुंचाई गई।
इस अवसर पर न्यायिक अधिकारियों, अधिवक्ताओं, न्यायिक कर्मचारियों एवं पैरालीगल वॉलेंटियर्स ने विधिक जागरूकता को जन-जन तक पहुंचाने तथा समाज के प्रत्येक वर्ग को सुलभ न्याय उपलब्ध कराने के लिए अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। न्यायोत्सव : विधिक सेवा सप्ताह-2026 के अंतर्गत आयोजित यह बाइक रैली आमजन में विधिक जागरूकता बढ़ाने और 'न्याय सबके लिए' की भावना को सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल रही।
➡️ प्रतियोगिताओं के विजेता विद्यार्थियों को किया पुरस्कृत
विधिक सेवा सप्ताह के समापन अवसर पर प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश द्वारा आयोजित चित्रकला, निबंध लेखन एवं रंगोली प्रतियोगिताओं के विजेता छात्र-छात्राओं को ट्रॉफी, उपहार एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। साथ ही सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों को प्रतियोगिताओं में सहभागिता के लिए प्रशस्ति-पत्र प्रदान किए गए।
Jansampark Madhya Pradesh
Department of Law & Legislative Affairs, Madhya Pradesh
#JansamparkMP
#बैतूल
#betul
3 views | Betul, Madhya Pradesh | Nov 20, 2026