➡️ पेट्रोल पंप व्यवसायियों को बड़ी राहत, लंबित कर निर्धारण प्रकरणों के लिए ‘डीम्ड असेसमेंट योजना’ लागू
➡️ वर्ष 2024-25 के लंबित प्रकरणों का होगा सरल निराकरण, पात्र व्यवसायी अधिसूचना जारी होने के 90 दिवस के भीतर कर सकेंगे आवेदन
पेट्रोल पंप व्यवसायियों को राहत प्रदान करने के उद्देश्य से मध्यप्रदेश शासन के वाणिज्यिक कर विभाग द्वारा वर्ष 2024-25 के लंबित कर निर्धारण प्रकरणों के निराकरण के लिए ‘डीम्ड असेसमेंट योजना’ लागू की गई है। इस योजना के तहत मध्यप्रदेश वैट अधिनियम 2002, केंद्रीय विक्रय कर अधिनियम 1956, मध्यप्रदेश मोटर स्पिरिट उपकर अधिनियम 2018 एवं मध्यप्रदेश हाई स्पीड डीजल उपकर अधिनियम 2018 के अंतर्गत लंबित कर निर्धारण प्रकरणों का सरलता से निराकरण किया जाएगा।
सहायक आयुक्त, राज्य कर बैतूल वृत्त अशोक कुमार आर्मो ने बताया कि वाणिज्यिक कर विभाग की 8 सितंबर 2026 की अधिसूचना के तहत यह सुविधा उपलब्ध कराई गई है। योजना का लाभ राज्य के भीतर अधिसूचित तेल कंपनियों अथवा पंजीकृत व्यवसायियों से कर एवं उपकर का भुगतान करने के पश्चात पेट्रोल, डीजल एवं सीएनजी क्रय कर विक्रय करने वाले पंजीकृत रिटेल आउटलेट्स (पेट्रोल पंप) व्यवसायी प्राप्त कर सकेंगे।
➡️ 90 दिवस के भीतर करना होगा आवेदन
योजना का लाभ लेने के लिए पात्र व्यवसायियों को अधिसूचना जारी होने की तिथि से 90 दिवस के भीतर आवेदन प्रस्तुत करना होगा। आवेदन संबंधित कर निर्धारण अधिकारी के समक्ष अधिनियमवार एवं वर्षवार निर्धारित पृथक-पृथक प्रपत्रों में प्रस्तुत किए जा सकेंगे।
➡️ आवेदन के साथ जरूरी दस्तावेज
आवेदन के साथ भुगतान किए गए कर, उपकर एवं अतिरिक्त मांग की राशि के चालान की प्रतियां संलग्न करना अनिवार्य होगा। वर्ष 2024-25 में 2 करोड़ रुपये से अधिक टर्नओवर होने पर आयकर संपरीक्षा (ऑडिट) रिपोर्ट की प्रति भी प्रस्तुत करनी होगी, यदि पूर्व में जमा नहीं की गई है। इसके अलावा केंद्रीय विक्रय कर अधिनियम के अंतर्गत निर्धारित घोषणा पत्रों एवं प्रमाण पत्रों (प्ररूप-C/F/E-I/E-II/H/I) की सूची सहित मूल प्रति संलग्न करना होगी।
कर अपवंचन के प्रकरणों तथा अधिनियम की धारा 18(5)(क) अथवा धारा 19(6) के अंतर्गत जारी नोटिस का अनुपालन नहीं करने वाले प्रकरणों में योजना की पात्रता नहीं होगी। सहायक आयुक्त राज्य कर ने जिले के पात्र पेट्रोल पंप, डीजल एवं सीएनजी रिटेल आउटलेट्स व्यवसायियों से योजना का लाभ लेने के लिए निर्धारित समय-सीमा में आवेदन प्रस्तुत करने की अपील की है। अधिक जानकारी एवं आवेदन के लिए कार्यालय सहायक आयुक्त, राज्य कर, बैतूल वृत्त, धुन, जे.एच. कॉलेज मार्ग, सिविल लाइन गंज, बैतूल से संपर्क किया जा सकता है।
Jansampark Madhya Pradesh
#JansamparkMP
#बैतूल
#betul
7 views | Betul, Madhya Pradesh | Nov 20, 2026