गांव थाना छप्पर के एस आर पब्लिक स्कूल में एचएसएनसीबी का नशामुक्ति जागरूकता कार्यक्रम
- नशे से दूरी, शिक्षा से दोस्ती: एएसआई फूल कुमार
यमुनानगर। हरियाणा स्टेट नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो एस आर पब्लिक स्कूल थाना छप्पर जिला यमुनानगर मैं (एचएसएनसीबी) की यमुनानगर यूनिट की ओर से नशामुक्ति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों की जानकारी देते हुए स्वस्थ जीवन अपनाने और नशामुक्त समाज के निर्माण में योगदान देने के लिए प्रेरित किया गया।
युवाओं को नशे से दूर रखना प्राथमिकता
हरियाणा स्टेट नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक संजय कुमार के दिशा-निर्देशन में प्रदेशभर में नशे के खिलाफ जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं। इसी कड़ी में ब्यूरो की यमुनानगर यूनिट के एएसआई फूल कुमार ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य, शिक्षा, परिवार और भविष्य को प्रभावित करता है। युवाओं की ऊर्जा को शिक्षा, खेल और रचनात्मक गतिविधियों से जोड़कर ही उन्हें नशे से दूर रखा जा सकता है।
उन्होंने विद्यार्थियों से स्वयं नशे से दूर रहने और अपने मित्रों व परिवार के सदस्यों को भी इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि नशामुक्त समाज के निर्माण में विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों की महत्वपूर्ण भूमिका है।
विद्यार्थियों ने लिया नशामुक्त जीवन का संकल्प
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को नशीले पदार्थों के शारीरिक, मानसिक और सामाजिक दुष्परिणामों के बारे में जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को प्रेरित किया गया कि यदि किसी साथी में नशे की समस्या दिखाई दे, तो उसका मजाक बनाने के बजाय उसे उचित सहायता लेने के लिए प्रोत्साहित करें। कार्यक्रम में विद्यालय की प्रिंसिपल श्री कर्मवीर सहित 150 विद्यार्थी उपस्थित रहे। सभी ने स्वयं नशे से दूर रहने और समाज को नशामुक्त बनाने में सहयोग देने का संकल्प लिया।
नशे से संबंधित सूचना देने की अपील
एएसआई फूल कुमार ने आमजन से अपील की कि नशीले पदार्थों की अवैध बिक्री या तस्करी की जानकारी मिलने पर संबंधित एजेंसियों को सूचित करें। नशे से संबंधित सूचना देने के लिए मानस हेल्पलाइन 1933 तथा एचएसएनसीबी ड्रग हेल्पलाइन 9050891508 पर संपर्क किया जा सकता है। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाती है। उन्होंने कहा कि जागरूकता और जनभागीदारी से ही नशे के खिलाफ अभियान को मजबूत बनाया जा सकता है। नशे से दूर रहकर युवा अपने भविष्य के साथ-साथ परिवार और समाज को भी सुरक्षित बना सकते हैं।