*जहानाबाद के वीर सपूत फ्लाइट लेफ्टिनेंट शुभम कुमार ने राष्ट्र की रक्षा में दिया सर्वोच्च बलिदान, वीर शहीद फ्लाइट लेफ्टिनेंट शुभम कुमार को जिला पदाधिकारी सहित जिला प्रशासन ने दी भावभीनी श्रद्धांजलि*
आज जहानाबाद ने अपने एक वीर सपूत को नम आंखों से अंतिम विदाई दी। भारतीय वायु सेना के फ्लाइट लेफ्टिनेंट शुभम कुमार (सेवा संख्या-37690), जिन्होंने मातृभूमि की रक्षा करते हुए सर्वोच्च बलिदान दिया, को जिला प्रशासन एवं हजारों जिलेवासियों ने श्रद्धापूर्वक नमन किया।
इस श्रद्धांजलि सभा पर पुलिस महानिरीक्षक, गया प्रक्षेत्र श्री विकास वैभव जिला पदाधिकारी, जहानाबाद श्रीमती अलंकृता पाण्डेय, पुलिस अधीक्षक श्री अपराजित लोहान, सहित जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन तथा भारतीय वायु सेना के अन्य वरिष्ठ पदाधिकारियों ने पुष्पचक्र अर्पित कर वीर शहीद को श्रद्धांजलि दी तथा शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं।
फ्लाइट लेफ्टिनेंट शुभम कुमार प्रतिष्ठित सैनिक स्कूल, कोरूकोंडा तथा राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (एनडीए), खड़कवासला के गौरवशाली छात्र रहे थे। उन्होंने दिनांक 18 दिसंबर, 2021 को भारतीय वायु सेना की नेविगेशन शाखा में फ्लाइंग नेविगेटर के रूप में अपनी सेवाएं प्रारंभ की थीं।
अपने लगभग पांच वर्षों के गौरवशाली सैन्य जीवन में उन्होंने उत्कृष्ट पेशेवर दक्षता, साहस एवं कर्तव्यनिष्ठा का परिचय दिया। उनकी अंतिम तैनाती वायु सेना स्टेशन, जोरहाट (असम) में थी, जहां उन्होंने देश के पूर्वोत्तर क्षेत्र में महत्वपूर्ण एयर मेंटेनेंस अभियानों में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उन्होंने एवरो (Avro) एवं एएन-32 (AN-32) विमानों पर सफलतापूर्वक उड़ान भरते हुए सभी परिचालन भूमिकाओं के लिए पूर्ण योग्यता प्राप्त की थी।
शहीद अधिकारी के परिवार में उनके पिता श्री अमरेंद्र शर्मा, माता श्रीमती ओणम शर्मा तथा छोटे भाई अभिषेक कुमार हैं।
जिला पदाधिकारी ने श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि फ्लाइट लेफ्टिनेंट शुभम कुमार का बलिदान सदैव स्मरणीय रहेगा। उनका जीवन राष्ट्र सेवा, साहस और कर्तव्यनिष्ठा का अनुपम उदाहरण है। उन्होंने जिस समर्पण और वीरता के साथ देश की सेवा की, वह आने वाली पीढ़ियों को सदैव प्रेरित करती रहेगी।
#सबका_सम्मान_जीवन_आसान
#जिला_प्रशासन_जहानाबाद
#IPRDBihar
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
12 views | Jehanabad, Bihar | Jun 14, 2026